Rajgarh Road Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां बरातियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है और 17 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के मोतीपुरा गांव थाना जावर से ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर आए करीब 30 बराती राजगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान जिले की पिपलोदी के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। बताते हैं ट्रॉली के नीचे दबने के कारण 13 लोगों की जान चली गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर हाहाकार मच गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से ले जाकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मरने वाले लोगों की संख्या में हो सकती है बढ़ोतरी

घटना की जानकारी लगने के बाद राजगढ़ कलेक्टर हर्ष दीक्षित, एसपी आदित्य मिश्रा सहित कालीपीठ व राजगढ़ कोतवाली थाना और राजस्थान पुलिस मौके पर पहुंची। राजगढ़ एसडीएम बघेल ने बताया कि फिलहाल हम अस्पताल में मौके पर ही मौजूद हैं। मरने वाले लोगों की संख्या अभी बता पाना थोड़ा मुश्किल है। मामले की तहकीकात की जा रही है। उसी के बाद मरने वाले लोगों का सही आंकड़ा दे पाएंगे। हादसे के चश्मदीदों की मानें तो हादसे में मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। अभी मरने वाले लोगों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि होना बाकी है।

सीएम मोहन यादव ने हादसे पर जताया दुख

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने राजगढ़ हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राजगढ़ जिले के पीपलोदी रोड पर ट्रैक्टर ट्राली पलटने से राजस्थान के झालावाड़ जिले के 13 लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। कैबिनेट में साथी नारायण सिंह परिवार सहित कलेक्टर एवं एसपी राजगढ़ मौके पर उपस्थित है।

हम राजस्थान सरकार के संपर्क में हैं और राजस्थान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है साथ ही गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को भोपाल रेफर किया गया है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।