राजस्थान चुनाव के लिए सभी पार्टियां जोर शोर से लगी हैं। मुकाबला मुख्य रूप से बीजेपी और कांग्रेस में है। लेकिन इस चुनाव में एक और दिलचस्प टक्कर देखने को मिलेगी। कुर्सी पर काबिज होने के लिए पति और पत्नी आमने सामने आ गए हैं। इसके लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया गया है। बीकानेर ईस्ट विधानसभा सीट से स्वरूप चंद गहलोत और उनकी पत्नी मंजूलता गहलोत ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा दाखिल किया है।

चुनावी रण की तैयारी में लगी यह जोड़ी इस समय चर्चा के केंद्र में है। एक दूसरे के खिलाफ उतरने पर स्वरूप गहतोल ने बताया कि, भले ही हम इस लड़ाई में आमने-सामने हों लेकिन दोनों एक दूसरे की सहायता करेंगे। उन्होंने कहा, अगर पत्नी जीतती है तो वह सपोर्ट करेंगे और यदि वह जीते तो पत्नी मदद करेगी।

स्वरूप गहलोत पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने साल 2013 के विधानसभा चुनाव में भी बिना किसी पार्टी के समर्थन के चुनाव लड़ा था। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए वह तो घर से चले जाते थे लेकिन इस दौरान उनकी पत्नी घर पर अकेली रहती थीं। इसीलिए इस बार उनके साथ उनकी पत्नी ने भी चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया और नामांकन दाखिल किया है। वहीं स्वरूप गहलोत की पत्नी ने बताया कि पिछली बार की स्थिति देखते हुए भी चुनाव लड़ने का मन बनाया है। सेहत सही न होने के कारण अकेले घर पर रुकना मुश्किल है इसलिए चुनाव लड़ेंगी और पति के साथ ही प्रचार करेंगी।

गौरतलब है कि राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों के लिए 7 दिसंबर को मतदान होगा। 11 दिसंबर को मतदान को पार्टी और उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा। 2013 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ने 163 सीटें जीतते हुए कांग्रेस को करारी शिकस्त दी थी। राजस्थान में बीते कुछ दशकों से हर बार सत्ता परिवर्तन होता रहा है।