राजस्थान के बूंदी शहर में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की मूर्ति के साथ अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। यहां शरारती तत्वों ने आजाद पार्क में लगी नेहरू की मूर्ति के गले में टायर लटका दिया। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक घटना बीते गुरुवार (21 जून, 2018) की है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद पूर्व पीएम की मूर्ति से टायर को हटा लिया गया है। पुलिस के मुताबिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पूर्व नेताओं की मूर्तियों के साथ अमानवीय व्यवहार की शुरुआत कथित तौर पर त्रिपुरा से शुरु हुई। राज्य में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद बेलोनिया कॉलेज स्क्वायर में रूसी क्रांति के नायक व्लादिमीर लेनिन की मूर्ति तोड़ दी गई। इस घटनाक्रम के बाद देश के कई अन्य हिस्सों में भी कई जगह अन्य महान नेताओं की मूर्तियां तोड़ी गई।
संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की मूर्ति भी देश के कई हिस्सों में तोड़ दी गई। बाद में लगातार मूर्तियां क्षतिग्रस्त के मामले बढ़ने के बाद केंद्र सरकार एक्शन में आई और देशभर के राज्यों को एडवाइजरी जारी की गई। इसमें मूर्ति तोड़ने और अन्य किसी भी तरह की हिंसक घटनाओं को रोकने के लिए जरुरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
Rajasthan: Unidentified miscreants put a tyre around the statue of Jawaharlal Nehru at Bundi’s Azad Park on June 21, police later removed the tyre off the statue. Police say ‘Matter is being investigated. Action will be taken against miscreants.’ pic.twitter.com/Snj52Gt3nJ
— ANI (@ANI) June 23, 2018