जयपुर के रामगंज इलाके में एक ट्यूशन शिक्षक ने 54 बच्चों का यौन शोषण किया। उसने वीडियो क्लिप भी बनाई। पुलिस ने इस अभियुक्त शिक्षक को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। पुलिस आयुक्त संजय अग्रवाल ने बताया कि शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। आरोपित शिक्षक रमीज शहर के रामगंज इलाके में बच्चों को घर पर ही बुला कर ट्यूशन पढ़ाता था। रमीज ने तीन साल पहले अपने घर ट्यूशन पढ़ने आने वाले एक बालक के साथ कुकर्म कर उसकी वीडियो क्लिप बनाई थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो क्लिप गत दिनों बालक के परिजनों तक पहुंची। इस पर पीड़ित बच्चे के परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद से रमीज फरार हो गया था। पुलिस ने उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है।

पूछताछ में रमीज ने बताया कि उसने करीब 54 बच्चों से कुकर्म कर बाकी उसकी वीडियो क्लिप बनाई। पुलिस के मुताबिक रमीज ने पूछताछ में कई हैरान करने वाली जानकारियां दी हैं। पुलिस ने जब उसका मोबाइल फोन खंगाला तो सहम जाने वाली चीजें सामने आईं। मोबाइल में ही 54 बच्चों से जुड़ी क्लिप मिलीं। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी ने इससे भी ज्यादा बच्चों से ऐसी हरकतें की होंगी। रमीज ने जिन बच्चों से ऐसी हरकत की है, उनकी उम्र पांच से 15 साल के बीच है। पुलिस अब उसके कंप्यूटर और लैपटाप को खंगालने में लगी है। पुलिस के मुताबिक रमीज ने कई बच्चों को क्लिप के जरिए ब्लैकमेल किया है। पुलिस पता लगा रही है कि रमीज क्लिप का करता क्या था। वह उन क्लिप को किसी को बेचता तो नहीं था। उसके साथ इस काम में कोई दूसरा व्यक्ति तो शामिल नहीं है। पुलिस अब कुकर्म के शिकार बच्चों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। शनिवार को उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज हुआ है। पुलिस आयुक्त ने बच्चों के परिजनों से मामला दर्ज कराने की अपील की है। उनका कहना है कि बच्चों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। पुलिस के मुताबिक रमीज तीन साल पहले एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक था। वहां भी उसने ऐसी ही हरकत की थी। इसके बाद से उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।