राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैर में चोट लगने के बाद गुरुवार शाम उन्हें राजधानी जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में इलाज के बाद डॉक्टर्स ने उन्हें छुट्टी दे दी। सवाई मान सिंह अस्पताल के डॉ. अचल शर्मा के अनुसार उनके बाएं पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया और दाहिने पैर के अंगूठे में भी चोट आई है। अब उन्हें अगले कुछ दिन तक घर पर ही आराम करने की सलाह दी गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि इलाज के बाद सीएम अशोक गहलोत घर लौट आए हैं तथा डॉक्टर्स ने उन्हें एक हफ्ते आराम करने की सलाह दी है।
अपनी चोट के बारे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर भी जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर बताया, “आज एक बैठक के बाद आवास पर अपने कक्ष में जाते समय पैर फिसलने से दोनों पैर के अंगूठों में चोट आई है। SMS अस्पताल में प्रारम्भिक इलाज के बाद आवास पर आ गया हूं। फ्रेक्चर होने के कारण डॉक्टरों की सलाह पर कुछ दिन आवास से ही कार्य जारी रखूंगा। आपकी शुभकामनाओं के लिए आभार।”
महत्वपूर्ण बैठक से पहले लगी चोट
कर्नाटक और छत्तीसगढ़ की खींचतान सुलझाने के बाद खबर थी कि कांग्रेस नेतृत्व राजस्थान का विवाद सुलझाने के लिए बैठक करने वाला था। इस बैठक से पहले ही राजस्थान के मुख्यमंत्री के चोटिल होने की वजह से अब ये मीटिंग टल सकती है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व सचिन पायलट को सम्मानजनक पद देने के लिए राजी हो गया है लेकिन उन्हें दोबारा डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। कहा जा रहा है कि उनको राजस्थान में कांग्रेस का कैंपन कमेटी प्रमुख बनाया जा सकता है या फिर उन्हें राष्ट्रीय कमेटी में महासचिव पद की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है लेकिन गहलोत के चोट लगने की वजह से चीजें कुछ दिनों के लिए टलती नजर आ रही हैं।