उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर पांचवें चरण में वोटिंग हो रही है। कौशांबी लोकसभा सीट पर भी वोटिंग हो रही है। इसी लोकसभा सीट के अंतर्गत कुंडा विधानसभा क्षेत्र भी आता है, जहां से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया हैं। राजा भैया पिछले कुछ समय से काफी चर्चा में हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दो दिन पहले ही एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राजा भैया पर निशाना साधा था। अब राजा भैया की भी प्रतिक्रिया आई है और लोग सवाल भी कर रहे हैं कि क्या उन्होंने भाजपा को हराने के लिए वोट किया है।
अनुप्रिया पटेल ने राजा भैया पर साधा निशाना
अनुप्रिया पटेल ने कहा था, “लोकतंत्र में राजा रानी के पेट से नहीं बल्कि ईवीएम की बटन से पैदा होता है। स्वघोषित राजाओं को कुंडा उनकी जागीर लगती है। इस बार इस भ्रम को तोड़ने के लिए आपके पास बहुत बड़ा अवसर है। याद रखिए मतदाता ही सर्वशक्तिमान है।”
राजा भैया ने वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि कौशांबी से वर्तमान सांसद के खिलाफ एंटी एनकंबेंसी है। कौशांबी से सांसद विनोद सोनकर हैं और बीजेपी ने इस बार भी उन्हें ही मैदान में उतारा है। राजा भैया ने कहा कि हमारी क्या राय है लोकसभा चुनाव में, यह जनता को पता है और जनसत्ता दल के सभी कार्यकर्ता भी जिस प्रत्याशी को चाहे, वोट कर सकते हैं।
अनुप्रिया पटेल को मुझसे क्या कुंठा पता नहीं- राजा भैया
अनुप्रिया पटेल के बयान पर राजा भैया ने कहा, “राजा या रानी अब पैदा होना बंद हो गए हैं। 7-8 दशकों से राजा, रजवाड़े समाप्त हो गए हैं। ईवीएम से राजा नहीं पैदा होता है, जनसेवक पैदा होता है। जनता का प्रतिनिधि पैदा होता है। ईवीएम से पहले पैदा होने वाले लोग अपने आप को राजा मान लेंगे, तो लोकतंत्र की मूल भावना खत्म हो जाएगी। अनुप्रिया पटेल को सामने वाले प्रत्याशी के खिलाफ बोलना चाहिए। पता नहीं उनको मुझे क्या कुंठा है। हम तो चुनाव भी नहीं लड़ रहे हैं, ना ही हम किसी को समर्थन कर रहे हैं।”
राजा भैया ने कहा, “जनता ईवीएम का बटन दबाकर नेताओं को अवसर देती है कि आप मेरी सेवा करें। राजतंत्र कबका खत्म हो गया। ईवीएम से प्रतिनिधि 5 साल तक होता है और 5 साल बाद जनता फिर से आपका आकलन करती है।”