फरवरी के अंतिम हफ्ते में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में फिर से ठंडी हवाओं के साथ बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी खबर सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। खराब मौसम के चलते जहां दिल्ली की सड़कों पर कई जगह जाम लगने की घटनाएं सामने आईं तो दूसरी तरफ हवाई और रेल यातायात पर भी असर देखने को मिला। कई ट्रेनों का समय प्रभावित हुआ। वहीं इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थिति चरमरा गई।
IGI पर परेशान हुए यात्रीः दिल्ली एयरपोर्ट पर खराब मौसम के चलते नौ उड़ानों को जयपुर और दो उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। दिल्ली से संचालित होने वाली कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले एक महीने में करीब आधा दर्जन से ज्यादा बार बारिश और कई बार जमकर ओलावृष्टि हो चुकी है। इसके चलते ठंडी हवाएं चलने लगी है और कंपकंपी बढ़ गई है।
कई राज्यों में फिर बढ़ सकती है ठंडः बारिश के चलते दिल्ली से सटे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में भी जाम रोज के मुकाबले बढ़ गया। मौसम विभाग ने मंगलवार तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी तापमान में गिरावट की आशंका जाहिर की गई है। मौसम में बदलाव के चलते डॉक्टरों ने भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। ऐसे मौसम में बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है।