केंद्रीय कैबिनेट ने बिहार में बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया सेक्शन पर रेल लाइन को डबल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा NH-139W का साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड भी फोर-लेन किया जाएगा।
केंद्रीय मंंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बिहार के बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया सेक्शन पर 104 किमी रेल लाइन को डबल करने में 2,192 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बिहार राज्य के चार जिलों को कवर करने वाली इस परियोजना से भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क में लगभग 104 किलोमीटर का इजाफा होना है।
यह रेल सेक्शन राजगीर (शांति स्तूप), नालंदा, पावापुरी आदि जैसे प्रमुख स्थलों को भी रेल संपर्क प्रदान करता है, जिससे देश भर से तीर्थयात्री और पर्यटक आकर्षित होते हैं। डबल ट्रैकिंग होने से लगभग 1,434 गांवों और लगभग 13.46 लाख आबादी तथा दो जिलों (गया और नवादा) को फायदा होगा।
78.942 किमी फोर-लेन करने में खर्च होंगे 3,822.31 करोड़ रुपये
मंत्रिमंडल ने बिहार में एनएच-139डब्ल्यू के 4-लेन साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड के निर्माण को भी हाइब्रिड एन्युइटी मोड पर मंजूरी दे दी है। इसकी कुल परियोजना लंबाई 78.942 किलोमीटर है और इसकी लागत में 3,822.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह भी पढ़ें: इस राज्य में बिछाई जाएगी एक और रेल लाइन, दिल्ली से नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का भी प्रस्ताव
इसके अलावा कैबिनेट ने जहाज निर्माण, मैरीटाइम सेक्टर और घरेलू क्षमता को बढ़ावा देने पर केंद्रित एक व्यापक 4-स्तंभ दृष्टिकोण के साथ भारत के जहाज निर्माण और समुद्री क्षेत्र को पुनर्जीवित करने के लिए 69,725 करोड़ रुपये के पैकेज को भी हरी झंडी दे दी है।
यह भी पढ़ें: रेल कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले मिलेगा 78 दिन का बंपर बोनस