झारखंड से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेताओं को पत्र लिखा गया है। इसमें पार्टी के ही एक नेता ने खुद को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग की है। साथ ही, ऐसा न करने पर बीजेपी में शामिल होने की धमकी दी है। फिलहाल मामले का खुलासा होने पर संबंधित नेता ने अपने लेटर पैड का गलत इस्तेमाल होने का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

 

यह है मामला : झारखंड विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता कृष्णानंद त्रिपाठी के लेटर पैड का गलत इस्तेमाल करके कांग्रेस के बड़े नेताओं को पत्र भेजे गए हैं। इन दिग्गज नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, महासचिव मोती लाल बोरा, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, दिग्विजय सिंह, सीपी जोशी और एके एंटनी शामिल हैं।

नेता ने दर्ज कराई शिकायत : मामले का पता लगते ही केएन त्रिपाठी ने अपने लेटर पैड का गलत इस्तेमाल होने की जानकारी दी। इस मामले में उन्होंने कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इस शिकायत में त्रिपाठी ने काशीनगर (डालटनगंज) स्थित रेड़मा निवासी विजय तिवारी, अजय तिवारी, संजय तिवारी और अशोक नगर निवासी आलोक तिवारी को आरोपी बनाया है। तीनों पर आरोप है कि उन्होंने केएन त्रिपाठी का फर्जी लेटर पैड बनाकर कांग्रेस के बड़े नेताओं को पत्र भेजा। साथ ही, त्रिपाठी के फर्जी हस्ताक्षर भी किए।

पत्र में पैसों के लेन-देन का जिक्र : पत्र में केएन त्रिपाठी की ओर से लिखा गया है कि मेरे घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसके बावजूद मैंने पार्टी को मजबूत किया। झारखंड के प्रभारी और अध्यक्ष ने नगर निगम के चुनाव में टिकट बंटवारे में काफी पैसों का लेन-देन और घोटाला किया है। साथ ही, विधानसभा और लोकसभा चुनाव को लेकर भी लेन-देन शुरू कर दिया गया है। ऐसा रहा तो कांग्रेस झारखंड में एक भी सीट नहीं जीतेगी। ऐसे में मुझे (केएन त्रिपाठी), सुबोधकांत सहाय या सुखदेव भगत को अध्यक्ष बनाया जाए, जिससे झारखंड विधानसभा और लोकसभा में कांग्रेस सभी सीटें जीत सके। ऐसा न करने पर मैं बीजेपी में शामिल हो जाऊंगा।