कांग्रेस ने देश की सबसे चर्चित ट्रांसजेंडर पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता अप्सरा रेड्डी को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस में राष्ट्रीय महासचिव के पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने की है। माना जा रहा है कि किसी भी राष्ट्रीय पार्टी में इस पद पर ट्रांसजेंडर की नियुक्ति का यह अब तक का पहला मामला है।
राहुल-सुष्मिता को कहा शुक्रियाः राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद अप्सरा ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव और राहुल गांधी दोनों का आभार जताया। अप्सरा ने कहा, ‘लीक से हटकर चलने वाले राहुल गांधी का बेहद शुक्रिया। उनसे और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मिलना अच्छा अनुभव रहा। मुझे कांग्रेस से जुड़ने के लिए प्रेरित करने वालीं सुष्मिता देव जी का भी शुक्रिया।’
AIADMK की प्रवक्ता रह चुकी हैं अप्सराः उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के हाई प्रोफाइल बाल यौन शोषण के मामले को उठाने में भी उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। अन्नाद्रमुक की प्रवक्ता रह चुकीं अप्सरा के इससे पहले भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने की भी चर्चाएं थीं। लेकिन हाल ही में उन्होंने तमिलनाडु की अन्नाद्रमुक सरकार पर भाजपा के हाथों में खेलने का आरोप लगाया था।
बदलाव के दौर से गुजर रही कांग्रेसः राहुल गांधी के कांग्रेस की बागडोर संभालने के बाद कांग्रेस में काफी बदलाव हुए हैं। कांग्रेस में राष्ट्रीय महासचिव के पद पर किसी ट्रांसजेंडर की नियुक्ति का यह पहला मामला है। राहुल गांधी को 11 दिसंबर 2017 में पार्टी की कमान सौंपी गई थी।