Raebareli Congress, Aditi Singh Brother-Priyanka Gandhi: उत्तर प्रदेश का रायबरेली जिला कांग्रेस और गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। यहां से कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं। जबकि जिले की सदर सीट से प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की करीबी मानी जाने वाली अदिति सिंह (Aditi Singh ) विधायक हैं। लेकिन बीते कुछ समय अदिति की कथित तौर पर बीजेपी के साथ बढ़ती नजदीकियों के चलते कांग्रेस ने नया दांव चला है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार (23 अक्टूबर) को रायबरेली दौरे के दौरान अदिति के चचेरे भाई मनीष सिंह को पार्टी में शामिल किया। बता दें कि कांग्रेस विधायक अदिति सिंह कई बार पार्टी लाइन से अलग हटकर बीजेपी के साथ खड़ी नजर आईं थी। इस बीच उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी की, जिसके बाद उनको सरकारी सुरक्षा मिली।
कौन हैं मनीष सिंह: बता दें कि कांग्रेस में शामिल होने मनीष सिंह अदिति सिंह के चचेरे भाई हैं। उनके पिता अशोक सिंह बीजेपी के पूर्व सांसद और चाचा अखिलेश सिंह बाहुबली विधायक रहे थे। मनीष आज अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ प्रियंका की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए। इससे पहले विधानसभा चुनाव में मनीष सिंह ने बसपा के टिकट पर हरचंद्रपुर विधानसभा से चुनाव लड़ा था।
Hindi News Today, 23 October 2019 LIVE Updates
अदिति के बगावती तेवर के बाद प्रियंका का दांव: प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में जारी मीटिंग का आज दूसरा दिन है। लेकिन आज भी उनकी ही पार्टी की बगावती तेवर अपनाने वाली विधायक अदिति सिंह वहां नहीं पहुंची हैं। ऐसे में आज प्रियंका ने उनके ही भाई को पार्टी में शामिल कराकर बड़ा दांव खेला है। माना जा रहा है कि पार्टी जिले में उनको नया चेहरा बनाने की कवायद में है।
कांग्रेस में अदिति सिंह को लेकर सुगबुगाहट तेज: कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के प्रियंका गांधी द्वारा बुलाई मीटिंग न पहुंचने के बाद से प्रदेश के सियासी गलियारे में कई तरह की अटकले लगाई जा रही हैं। रायबरेली में कांग्रेस के दो विधायक अदिति सिंह और राकेश सिंह हमेशा पार्टी लाइन से अलग बयानबाजी करते आ रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस जल्द ही दोनों पर एक्शन लेने की तैयारी में है। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने इसकी ओर इशारा भी किया था। जहां राकेश सिंह ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर उनके लिए यज्ञ किया था तो वहीं अदिति ने आर्टिकल 370 समेत कई मुद्दों पर बोजेपी का साथ दिया। उन्होंने सीएम योगी से भी मुलाकात की थी।