आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत के बाद तेजी से देश के अन्य राज्यों में अपना विस्तार कर रही है। इसी विस्तार में सरकारी पैसों का भी खूब इस्तेमाल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी के प्रचार के लिए 1-3 अप्रैल के बीच गुजरात का दौरा किया था, जिसके लिए पंजाब सरकार की ओर से एक विमान किराए पर लिया गया था। आपको जानकर हैरानी होगी कि मुख्यमंत्री के इस दौरे पर ले जाए गए विमान का कुछ खर्च करीब 44.85 लाख रुपए आया है, जिसका भुगतान अब पंजाब सरकार की ओर से किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ इस दौरे पर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी गए हुए थे।

आरटीआई से मिली जानकारी: बठिंडा निवासी हरमिलाप सिंह ग्रेवाल ने पंजाब सरकार से आरटीआई के जरिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के गुजरात और हिमाचल के दौरों पर हुए खर्च को लेकर जानकारी मांगी थी, जिसका जवाब देते हुए पंजाब के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि “मुख्यमंत्री भगवंत मान के 1-3 अप्रैल के बीच हुए गुजरात दौरे के लिए किराए पर लिए गए विमान का 44,85,967 रुपए का बिल आया है।”

हिमाचल प्रदेश के दौरे पर खर्च की नहीं दी जानकारी:गुजरात के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान 6 अप्रैल को पंजाब से सटे पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश गए थे। इस दौरे की आरटीआई में जानकारी मांगी गई थी लेकिन फिलहाल इस बारे में कोई भी सूचना नहीं दी गई है।

आप का प्रचार करने गए थे: आरटीआई दायर करने वाले हरमिलाप सिंह ग्रेवाल ने इस दौरान कहा कि जब कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री थे तो भगवंत मान उनका दूसरे राज्यों में हेलीकॉप्टर से जाने को लेकर मजाक उड़ाया करते थे लेकिन अब वह किराए पर विमान लेकर जा रहे हैं। आगे कहा कि पंजाब और गुजरात के दौरे पूरी तरह से आम आदमी पार्टी के प्रचार के लिए थे इनका पंजाब के लाभ से कोई संबंध नहीं है।

इस साल के आखिर में होने हैं चुनाव: गुजरात और हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के लिए चुनौती पेश करना चाहती है। इस साल के आखिर में दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और मौजूद समय में दोनों राज्यों में भाजपा सरकार में हैं।