करीब सालभर पुरानी पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार में पहला फेरबदल होने जा रहा है। शनिवार (21 अप्रैल) को 9 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी जबकि दो राज्यमंत्रियों को प्रोन्नति देकर उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जाएगा। सभी नामों पर फैसला हो चुका है। सीएम अमरिंदर सिंह और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी नामों को अंतिम रूप दिया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर जानकारी दी कि पार्टी अध्यक्ष ने सभी नामों पर अपनी मुहर लगा दी है। जिन 9 नए लोगों को शनिवार को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी उनमें सुखजिंदर रंधावा, सुखविंदर सिंह सरकारिया, भारत भूषण आशू, विजय इन्दर सिंगला, श्याम सुंदर अरोड़ा, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, गुरप्रीत कांगड़ बलवीर सिद्धू और ओ पी सैनी के नाम शामिल हैं। इनके अलावा दो राज्य मंत्रियों रजिया सुल्तान और अरुणा चौधरी को प्रोन्नति देकर कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा।
मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार की शाम करीब 6 बजे चंडीगढ़ में पंजाब राजभवन में होगा। अमरिंदर सिंह ने शपथ लेने वाले सभी नौ नए चेहरों और दो राज्यमंत्रियों को शुभकामना दी है। इससे पहले अमरिंदर सिंह की आज राहुल गांधी से दूसरे दौर की बातचीत हुई। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई जिसमें नामों को अंतिम रूप दिया जा सका। इससे पहले गुरुवार को भी दोनों नेताओं के बीच बैठक हुई थी। इसमें राहुल गांधी ने अमरिंदर सिंह से सभी विधायकों की वरिष्ठता क्रम की सूची मांगी थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पहले 29 लोगों की एक लिस्ट बनाई गई थी जिसे बाद में शॉर्टलिस्ट करते हुए 17 नामों को राहुल गांधी के सामने रखा गया था।
फिलहाल पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री समेत कुल 9 मंत्री हैं। नौ नए मंत्रियों के शामिल होते ही पंजाब सरकार में अधिकतम मंत्रियों की संख्या पूरी हो जाएगी। नियमानुसार विधान सभा के कुल सदस्यों की संख्या का 15 फीसदी लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इस लिहाज से पंजाब सरकार का लंबे समय से विस्तार अटका पड़ा था। नए लोगों को मंत्री बनाए जाने पर सियासी गरमा गरमी भी तेज हो गई है। नौ नए चेहरों में कोई सीएम का खास है तो कोई पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की पसंद है। कुछ सीनियर विधायकों को भी मंत्री पद दिया जा रहा है। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले पंजाब सरकार का यह फेरबदल अहम माना जा रहा है।
Happy to announce the names of the new Cabinet Ministers: 1) Sukhjinder Singh Randhawa; (2) Sukhbinder Singh Sarkaria (3) Vijay Inder Singla (4)Bharat Bhushan Ashu
(5)Sunder Shyam Arora (6) O P Soni (7)Rana Gurmit Sodhi (8) Gurpreet Kangar (9) Balbir Sidhu. Congratulation to all!— Capt.Amarinder Singh (@capt_amarinder) April 20, 2018