पंजाब में बढ़ते क्राइम को लेकर सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी विपक्ष के निशाने पर आ गई है। प्रदेश में पिछले 21 में 19 मर्डर हुए हैं जिसे लेकर विपक्षी पार्टियों ने आप सरकार पर आरोप लगाया है कि सत्ता में आने बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश को अपराधियों के हाथ में सौंप दिया हैं। वहीं, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था चरमरा गई है लेकिन मुख्यमंत्री हिमाचल में वोट मांगने में व्यस्त हैं। आज औसत पंजाब में 3 से 4 मर्डर रोज हो रहे हैं, जिसके कारण आज प्रदेश में लोगों के बीच डर का माहौल है।”
शिरोमणि अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने भी आम आदमी पार्टी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उनकी ओर से कहा गया कि पंजाब में आप सरकार बनने के बाद पंजाबी लोगों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। अब आप का पर्दाफाश चुका है। आप के दोनों मुख्यमंत्री मिलकर भ्रष्टाचार के झूठे दावे कर रहे हैं। हम मुख्यमंत्री भगवंत मान सेअनुरोध करते हैं कि दुष्प्रचार में व्यस्त रहने के बजाय तत्काल कोई कदम उठाए”
एंटी गैंस्टर टास्क फोर्स बनाएगी पंजाब सरकार: हाल ही में पंजाब सरकार ने ऐलान किया था कि वह प्रदेश में जल्द एंटी गैंस्टर टास्क फोर्स का गठन करेगी। आप प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि इस टास्क फोर्स का प्रमुख एक एडीजीपी रैंक का अधिकारी होगा।
पंजाब में संगठित अपराध बड़ी समस्या: पंजाब पुलिस की अपराध शाखा की एक रिपोर्ट के अनुसार राजनीतिक लोगों और अपराधियों की साठगांठ से एक बड़ा संगठित अपराध का नेटवर्क तैयार हो गया है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि कई बार राजनीति से जुड़े लोग अपने विरोधियों को दबाने के लिए इन अपराधियों की मदद भी लेते हैं।
वहीं इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार कई कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के नेताओं के इन अपराधियों के साथ संबंध है। इनमें से कई अपराधी खालिस्तानियों के साथ भी जुड़े हुए हैं। जिसकी मदद से इन्हें विदेशों से फंड भी मिलता है। ये लोग अलग – अलग गैंग बनाकर पंजाबी फिल्मी सितारों और गायकों से चौथ भी वसूलते हैं।