पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शपथ लेने के बाद से ही एक के बाद एक कड़े फैसले ले रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी भगवंत मान की तारीफ करते रहते हैं और उनकी सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की सराहना करते हैं। हालांकि भगवंत मान पर उनके विरोधी आरोप लगाते हैं कि वो रिमोट कंट्रोल की सरकार चला रहें और अरविन्द केजरीवाल के कहने के अनुसार चल रहे हैं।
द प्रिंट की एक रिपोर्ट के अनुसार भगवंत मान ने अपने सीएमओ में नौकरशाहों की एक छोटी सी टीम बनाई है और अपने कुछ पुराने समय के राजनीतिक सहयोगियों को प्रमुख जिम्मेदारियाँ दी हैं। आइये जानते हैं उन लोगों के बारे में जो भगवंत मान की टीम का अहम हिस्सा हैं:
वेणु प्रसाद, आईएएस: 11 मार्च को आप के पंजाब चुनाव जीतने के एक दिन बाद और भगवंत मान के आधिकारिक तौर पर राज्य के सीएम के रूप में कार्यभार संभालने से पांच दिन पहले सचिवालय में नई सरकार में पहली बड़ी नियुक्ति के बारे में खबर आई। 1991 बैच के आईएएस अधिकारी ए. वेणु प्रसाद को मान के कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव का कार्यभार सौंपा गया। आप के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार वेणु प्रसाद को बिजली, परिवहन के क्षेत्रों में उनकी विशेषज्ञता के लिए चुना गया। ये AAP के चुनावी वादों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
गौरव यादव, आईपीएस: गौरव यादव मुख्यमंत्री मान के विशेष प्रधान सचिव हैं। वह पुलिस और कानून-व्यवस्था मामलों पर मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार हैं। यादव मान प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि यह केवल पंजाब में है कि आप सरकार का पुलिस पर अधिकार है। संयोग से गौरव यादव और अरविन्द केजरीवाल ने एक ही वर्ष 1992 में सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की। गौरव भारतीय पुलिस सेवा में गए जबकि केजरीवाल को भारतीय राजस्व सेवा में नियुक्त किया गया।
राजबीर सिंह घुमन, विश्वसनीय सहायक: मुख्यमंत्री भगवंत मान के निजी सचिव और विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) राजबीर सिंह घुमन भगवंत मान के विश्वासपात्र हैं। वह 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव प्रचार के दौरान सीएम मान के संपर्क में आए थे। राजबीर घुमन घराचोन गांव के रहने वाले हैं, जो मान के गांव सतोज से करीब 40 किमी दूर है। घुमन एक इंजीनियर हैं और सीएम मान के संपर्क में आने से पहले संगरूर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में सहायक प्रोफेसर भी थे।
सुखवीर सिंह, राजनीतिक सचिव: सीएम भगवंत मान के दूसरे भरोसेमंद सहयोगी और उनके दूसरे ओएसडी सुखवीर सिंह हैं। 34 वर्षीय सुखवीर सिंह, घुमन के अच्छे दोस्त हैं और वे एक ही गांव के रहने वाले हैं। सुखवीर भी पेशे से इंजीनियर थे।
मंजीत सिद्धू, मीडिया सलाहकार: मंजीत सिद्धू मुख्यमंत्री भगवंत मान के सबसे करीबी व्यक्ति हैं और पढ़ाई के समय के दोस्त हैं। मानसा के रहने वाले 49 वर्षीय सिद्धू 2014 में आप में शामिल होने के बाद से सलाहकार के रूप में भगवंत मान के साथ हैं। लंबे समय तक सिद्धू पार्टी की पंजाब इकाई के मीडिया सलाहकार थे।