पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ा ऐलान किया है। भगवंत मान ने ऐलान किया है कि पंजाब में 35 हजार कच्चे कर्मचारियों को पंजाब सरकार पक्का करेगी। भगवंत मान ने कहा ग्रुप सी और ग्रुप डी में कार्यरत 35 हजार कर्मचारियों को पंजाब सरकार ने पक्का करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने इसके सम्बन्ध में मुख्य सचिव को निर्देश दे दिए हैं।
आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव प्रचार के दौरान सरकारी विभागों में ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों को सरकार बनने पर पक्का करने का वादा किया था। आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने इसी वादे पर अमल करते हुए ये फैसला लिया है। आज सुबह ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया है कि पंजाब विधानसभा में शहीद भगत सिंह और भीमराव अम्बेडकर की मूर्तियां लगाई जाएगी। ये वादा भी अरविन्द केजरीवाल और भगवंत मान ने चुनाव प्रचार के दौरान किया था।
19 मार्च को भगवंत मान ने पहली कैबिनेट की बैठक की थी और कैबिनेट बैठक में सरकार ने फैसला लिया था कि वो पंजाब के सरकारी विभागों में खाली 25 हजार पदों को भरेगी। भगवंत मान ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि, “कैबिनेट ने कुल 25,000 सरकारी नौकरियां प्रदान करने का प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें पंजाब पुलिस विभाग में 10,000 रिक्तियां और अन्य सरकारी विभागों में 15,000 रिक्तियां शामिल है।”
इसके पहले भगवंत मान ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के सम्बन्ध में एक बड़ा ऐलान करते हुए ट्वीट कर लिखा था कि, “भगत सिंह जी के शहीदी दिवस पर, हम anti-corruption हेल्पलाइन नम्बर जारी करेंगे। वो मेरा पर्सनल वॉट्सऐप नंबर होगा। अगर आपसे कोई भी रिश्वत मांगे, उसकी वीडियो/ऑडियो रिकॉर्डिंग करके मुझे भेज देना। भ्रष्टाचारियों के ख़िलाफ़ सख्त एक्शन लिया जाएगा। पंजाब में अब भ्रष्टाचार नहीं चलेगा।”
बता दें कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने घोषणापत्र को लागू करने को लेकर काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान एक के बाद एक बड़ी घोषणाएं करते जा रहें हैं। पंजाब सरकार द्वारा लिए गये फैसलों की तारीफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने भी की है।