पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक की। आज सुबह ही पंजाब सरकार के मंत्रियों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। पहली कैबिनेट बैठक में भगवंत मान ने सरकारी नौकरियों को लेकर कुछ अहम और बड़े फैसले लिए हैं। कैबिनेट बैठक के बाद भगवंत मान ने मीडिया को बताया कि, “कैबिनेट ने कुल 25,000 सरकारी नौकरियां प्रदान करने का प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें पंजाब पुलिस विभाग में 10,000 रिक्तियां और अन्य सरकारी विभागों में 15,000 रिक्तियां शामिल है।”

पंजाब के कारपोरेशन और सरकारी दफ्तरों में खाली पड़े पदों को भी पंजाब सरकार भरेगी। भगवंत मान मंत्रिमंडल ने वोट ऑन अकाउंट लाने का भी फैसला किया है, जबकि सरकार का पूर्ण बजट जून महीने में पेश होगा। आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव के दौरान युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। पहली कैबिनेट बैठक में 25 हजार रिक्त पदों को भरने का फैसला आम आदमी पार्टी के घोषणापत्र को पूरा करने के लिए मान सरकार का पहला कदम है।

शनिवार सुबह ही भगवंत मान मंत्रिमंडल के सदस्यों ने शपथ ग्रहण किया है। मान मंत्रिमंडल में सिर्फ एक महिला को जगह मिली है। वहीं भगवंत मान ने नए विधायकों पर अधिक भरोसा जताया है। मान मंत्रिमंडल के 10 में से 8 सदस्य पहली बार विधायक चुने गए हैं जबकि 2 सदस्य दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। मान मंत्रिमंडल में ऐसे किसी विधायक को जगह नहीं मिली है जिन्होंने किसी दिग्गज नेता को हराया हो।

बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भगवंत मान ने भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए भी हेल्पलाइन नंबर जारी करने की बात कही है। भगवंत मान ने इसके बारे में ट्वीट करते हुए कहा है कि , “भगत सिंह जी के शहीदी दिवस पर, हम anti-corruption हेल्पलाइन नम्बर जारी करेंगे। वो मेरा पर्सनल वॉट्सऐप नंबर होगा। अगर आपसे कोई भी रिश्वत मांगे, उसकी वीडियो/ऑडियो रिकॉर्डिंग करके मुझे भेज देना। भ्रष्टाचारियों के ख़िलाफ़ सख्त एक्शन लिया जाएगा। पंजाब में अब भ्रष्टाचार नहीं चलेगा।”

हाल ही में संपन्न हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में जनता ने आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत दिया है। पंजाब में आम आदमी पार्टी को 92 सीटों पर जीत मिली है। जबकि कांग्रेस पार्टी महज 18 सीटों पर सिमट गई। पंजाब के सभी दिग्गज नेताओं को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने हराया है।