Punjab BJP : भाजपा (BJP) ने शनिवार पंजाब (Punjab) में नई इकाई की घोषणा की है। पंजाब में भाजपा की इस टीम में 11 उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं जिनमें पांच पूर्व कांग्रेस नेता शामिल हैं। इन नामों में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी जय इंदर कौर का नाम भी शामिल है। इन नए पदाधिकारियों की नियुक्ति को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंजूरी दे दी है। भाजपा ने पठानकोट से विधायक अश्विनी शर्मा को राज्य इकाई प्रमुख के रूप में बरकरार रखा है।
पूर्व कांग्रेस नेताओं को अहम जिम्मेदारी
भाजपा ने पंजाब में नई इकाई का गठन करते हुए भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी है। इन नेताओं में राज कुमार वेरका, केवल सिंह ढिल्लों, फतेहजंग बाजवा और अरविंद खन्ना का नाम शामिल है। इन सभी नेताओं को भाजपा पंजाब इकाई का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अन्य उपाध्यक्षों में पार्टी नेता डॉ. सुभाष शर्मा, राकेश राठौर, दयाल सिंह सोढ़ी, जगमोहन सिंह राजू, लखविंदर कौर गरचा और पूर्व अकाली विधायक जगदीप सिंह नकाई शामिल हैं।
पूर्व कांग्रेस मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ राज्य महासचिव नियुक्त किया गया है, इनकेसाथ जीवन गुप्ता, बिक्रमजीत चीमा, राजेश बाघा और मोना जायसवाल को भी भाजपा पंजाब का महासचिव बनाया गया है। वहीं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रमुख गुरुचरण सिंह टोहरा के पोते कंवरपीत सिंह टोहरा को पार्टी की युवा शाखा का प्रभार दिया गया है। उन्होंने भाजपा के टिकट पर 2022 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा था लेकिन हार गए थे।
Sidhu Moose Wala Case का मास्टरमाइंड Goldy Brar गिरफ्तार, पिता बोले- सख्त से सख्त सजा मिले, देखें Video
कई अन्य नेताओं को भी मिले पद
भाजपा ने पंजाब में प्रदेश इकाई का विस्तार करते हुए कई अन्य नेताओं को शामिल किया है। इनमें प्रमुख नाम आईएएस अधिकारी एसआर लधर का है जिन्हें भाजपा की अनुसूचित जाति शाखा का प्रमुख बनाया गया है। जबकि मीनू सेठी पार्टी की महिला मोर्चा की प्रमुख होंगी। किसान मोर्चा के प्रमुख दर्शन सिंह नैनीवाल होंगे वहीं ओबीसी मोर्चा के राजिंदर बिट्टा और थॉमस मसीह अल्पसंख्यक मोर्चा के रूप में पार्टी की जिम्मेदारी संभालेंगे। राज्य मीडिया टीम में जनार्दन शर्मा (अमृतसर शहरी), डॉ. सुरिंदर कौर कंवल (अमृतसर), सुनील कुमार सिंगला (बठिंडा शहरी) और हरदेव सिंह उभा (मानसा/मोहाली) शामिल हैं।
पार्टी ने 12 मुख्य प्रवक्ताओं की भी घोषणा की है जिनमें अनिल सरीन, कर्नल जयबंस सिंह (सेवानिवृत्त), अशोक भारती, एसएस चन्नी, निमिशा मेहता, इकबाल सिंह चन्नी, गुरदीप सिंह गोशा, अनीश सिडाना, कंवर नरिंदर सिंह, महेंद्र भगत, जतिंदर अठवाल और चेतन मोहन का नाम शामिल है।