Sidhu Moosewala Murder Case: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में उनके परिजनों ने एक बार फिर न्याय की गुहार लगाई है। पिता बलकौर सिंह ने रविवार (30 अक्टूबर, 2022) को कहा कि मेरे बेटे की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई। पुलिस इसे गैंगवार की घटना के तौर पर दिखाना चाहती है। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी समस्याएं बताने के लिए डीजीपी से समय मांगा है। एक महीने इंतजार करूंगा, अगर कुछ नहीं हुआ तो मैं अपनी एफआईआर वापस ले लूंगा और देश छोड़ दूंगा।
बलकौर सिंह ने कहा कि मुझे कानून पर भरोसा था, इसी वजह से अभी तक कहीं कोई धरना नहीं दिया, लेकिन अब सरकार सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर के बाद परिवार समेत देश छोड़ दूंगा। उन्होंने मूसेवाला की हत्या को लेकर प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस हमें इंसाफ नहीं दे पाई है।
सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर ने भी न्याय में देरी पर अपनी नाराजगी जताई। अपने बेटे के बारे में बात करते हुए कौर ने कहा कि लोग सिद्धू की आलोचना करते थे, लेकिन वह उच्च सोच वाला इंसान था। उन्होंने बताया कि सिद्धू जपजी साहिब और गुरु ग्रंथ साहिब से लिए गए 8,000 धार्मिक सवालों पर एक ऐप बनाने पर विचार कर रहा था। बता दें, मूसेवाला की इस साल 29 मई को हत्या कर दी गई थी।
वहीं चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार (29 अक्टूबर, 2022) को जानकारी दी थी कि उसने लॉरेस बिश्नोई गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस की तरफ से जारी बयान के अनुसार, पुलिस को गिरफ्तार शख्स मोहित भारद्वाज के कब्जे से अमेरिका में बनी पिस्तौल मिली है। पुलिस ने यह भी बताया कि मोहित गैंगस्टर दीपक टीनू का करीबी था। टीनू मानसा पुलिस की हिरासत से भाग गया था। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। बता दें, टीनू पंजाबी सिंगर मूसेवाला मर्डर केस में आरोपी है।
इससे पहले मूसेवाला मर्डर केस में पंजाबी प्लेबैक सिंगर और उनकी मुंहबोली बहन अफसाना खान से पूछताछ की गई थी। एनआईए(NIA) ने अफसाना खान से मूसेवाला से जुड़े कई सवाल पूछे थे। जिसको लेकर अफसाना खान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया था। पोस्ट में अफसाना से पूछताछ के दौरान किए गए सवालों के बारे जानकारी दी थी। बता दें, मूसेवाला मर्डर केस में अफसावना खान संदेश के घेरे में हैं। जिसको लेकर NIA ने उनको समन भेजा था। समन भेजने के बाद जांच एजेंसी ने मंगलवार को अफसाना से कई घंटे पूछताछ की थी।