Morinda Gurdwara Sacrilege Case: पंजाब के मोरिंडा बेअदबी के आरोपी जसवीर सिंह उर्फ जस्सी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। जसवीर मानसा की तमकोट जेल में बंद था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीने में दर्द की शिकायत के बाद उसे मानसा सिविल अस्पताल लाया गया था। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जसवीर को 29 अप्रैल को रूपनगर से मानसा शिफ्ट किया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद जसवीर सिंह को मनसा के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिविल अस्पताल में डॉ. इशान ने बताया कि सीने में दर्द और सांस फूलने के कारण जसवीर सिंह की मौत हुई है। जसवीर सिंह के शव को सिविल अस्पताल में रखा गया है। आगे की जांच चल रही है।
एसएसपी ने दी जानकारी-
जसवीर के शव को सिविल अस्पताल में ही रखा गया है। जसवीर की मौत की वजह क्या है। इस पर अभी संशय बरकरार है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है। एसएसपी नानक सिंह ने बताया कि आरोपी को सोमवार शाम 4 बजे तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल लाया गया और रात करीब 9 बजे जसवीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जसवीर सिंह का 24 अप्रैल को एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। वीडियो में वो रूपनगर जिले के मोरिंडा में गुरुद्वारा कोतवाली साहिब के गर्भगृह में प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद वो दो ग्रन्थियों (पुजारियों) को मारते हुए और सिख धार्मिक ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान करते हुए नजर आ रहा है।
एसपी नवनीत सिंह महल ने एक न्यूज एजेंसी को 24 अप्रैल को बताया था कि एक बेअदबी के आरोपी जसवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उसने मोरिंडा गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथियों पर हमला किया था और कीर्तन कर रहे ग्रंथियों पर हमला किया था।
गिरफ्तारी के बाद जसवीर सिंह को 27 अप्रैल को रूपनगर की एक कोर्ट में पेश किया गया था। यहां एक शख्स ने उस पर पिस्टल से हमला करने की कोशिश की थी। उस शख्स को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हिरासत के बाद जसवीर सिंह को 29 अप्रैल को मनसा जेल भेज दिया गया था।