पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने राज्य में पार्टी नेतृत्व में गुटबाजी और इसके बंटे होने की अटकलों को खारिज कर दिया है। वडिंग ने शनिवार को कहा, “पंजाब में पार्टी एकजुट है और तरनतारन में उपचुनाव के दौरान यह दिखाई दी।” तरनतारन में कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई थी।
तरनतारन में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने बड़ी जीत हासिल की है। वडिंग ने कहा कि पिछले कई दशक में कांग्रेस ने केवल एक बार यह सीट जीती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रशासन और पुलिस का भी मुकाबला करना पड़ा।
बलात्कार के आरोपी आप विधायक हरमीत सिंह आस्ट्रेलिया भागे
लुधियाना से सांसद वडिंग ने कहा, “इसके बावजूद एकजुट नेतृत्व के तहत हमारे कार्यकर्ताओं ने बहादुरी से लड़ाई लड़ी।” उन्होंने सवाल किया, “एक भी ऐसा नेता बताइए जिसने तरनतारन में पार्टी के लिए प्रचार नहीं किया हो।”
2027 में करेंगे शानदार प्रदर्शन- वडिंग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “पार्टी सिर्फ तरनतारन में ही नहीं बल्कि पूरे राज्य में सभी पहलुओं का विश्लेषण करेगी क्योंकि हम 2027 में बड़ी लड़ाई की तैयारी कर रहे हैं।” कांग्रेस नेतृत्व के बंटे होने की अटकलों पर वडिंग ने कहा कि यह एक ऐसी कहानी है जो हमेशा चुनावों से पहले कांग्रेस के बारे में बुनी जाती है।
वडिंग ने कहा कि पार्टी 2027 में होने वाले विधानसभ चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी।
