पंजाब के लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को जान से मारने की धमकी मिली है। फोन करने वाले का कहना है कि उनका भी वही हश्र होगा जो उनके दिवंगत पार्टी सहयोगी और गायक सिद्धू मूसेवाला का हुआ है। सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के निजी सहायक हरजिंदर सिंह ने इस बात की पुष्टि की है।

कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप है। जिसके बाद बिट्टू की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मंगलवार सुबह 9:30 बजे बिट्टू के पर्सनल नंबर पर वाट्सएप काल आई थी जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में बिट्टू की तरफ से पंजाब सरकार के गृह विभाग को जानकारी दी गई है।

व्हाट्सएप पर धमकी भरे कॉल: बिट्टू ने लुधियाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें यूके से जरनैल सिंह भिंडरावाले और खालिस्तानियों के खिलाफ बोलने के लिए व्हाट्सएप पर धमकी भरे कॉल आए। फिलहाल, रवनीत सिंह बिट्टू देश के बाहर हैं। इससे पहले भी उन्हें खालिस्तानी आतंकियों की तरफ से धमकियां मिलती रही हैं। गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के दिवंगत मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं।

अगला नंबर उनका: रवनीत सिंह बिट्टू को यह काल विदेशी नंबर से आई थी। धमकी देने वाले ने कहा कि वह जरनैल सिंह भिंडरावाले के खिलाफ अलग-अलग प्लेटफार्म पर बयान देते हैं और इसीलिए अगला नंबर उनका लगने वाला है। धमकाने वाले व्यक्ति ने ग्रुप काल की थी जिसमें हिंदू नेता संदीप गोरा थापर, मानसा से किसान नेता रुल्दू सिंह मानसा और रवनीत सिंह बिट्टू को शामिल किया गया था।

सलमान खान को भी मिली थी धमकी: रवनीत सिंह बिट्टू के दादा बेअंत सिंह की चंडीगढ़ में आतंकवादी हमले में माैत हाे गई थी। इसके बाद से उन्हें केंद्रीय सुरक्षा बल की सुरक्षा मुहैया करवाई गयी है। पंजाब में गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद गैंगस्टर लगातार सक्रिय हैं और कई लोगों को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को भी एक धमकी भरा पत्र मिला था। जिसमें लिखा था कि सलमान खान, सलीम खान बहुत जल्द आपका मूसे वाला होगा।

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मनसा जिले में 29 मई 2022 को हत्या कर दी गई थी। उन पर 8 शार्पशूटर्स ने गोलियां चलाई थीं। लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार को मूसेवाला की हत्या मामले में मुख्य आरोपी माना जा रहा है।