पंजाब महिला कांग्रेस की पूर्व प्रमुख मालती थापर (65 साल) ने राज्‍य के दो कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मोगा की रहने वाली थापर ने पूर्व जिलाध्‍यक्ष और विधायक रहे दर्शन सिंह बरार के अलावा उनके बेटे कमलजीत सिंह बरार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया है कि 19 दिसंबर को नेशनल हेराल्‍ड मामले में मोगा में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान उनके साथ बदसलूकी की गई और गंदी भाषा का इस्‍तेमाल किया गया।

मालती ने बताया, ‘हमने यह शिकायत कांग्रेस नेता के तौर पर नहीं, बल्कि एक आम महिला के रूप में दर्ज कराई है। दर्शन सिंह बरार और उनके बेटे ने न केवल मेरे साथ बदसलूकी की, बल्कि गंदे इशारे भी किए। बेटे ने पिता को पहले तो बदसलूकी करने से रोका, लेकिन बाद में वह खुद भी उसमें शामिल हो गया। मेरी गलती सिर्फ इतनी थी कि मैंने अपने भाषण में बरार को पूर्व अध्‍यक्ष कह कर संबोधित किया।’ उधर, बरार का कहना है कि थापर उनसे जलती हैं और अकालियों के साथ मिली हुई हैं।