पंजाब के नए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मुख्यमंत्री एक नए शादीशुदा जोड़े को शगुन देते हुए देखे जा सकते हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने रविवार को बटिंडा जाने के दौरान एक नवविवाहित जोड़े को बधाई देने के लिए अपनी गाड़ी रोक ली। पंजाब सरकार के ट्विटर हैंडल ने इसका एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया है कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आज बठिंडा की अपनी यात्रा के दौरान, मंडी कलां गांव में एक नवविवाहित जोड़े को देखा और शुभकामनाएं देने के लिए अचानक अपना वाहन रोक दिया।

वीडियो में दिख रहा है कि मुख्यमंत्री चन्नी दूल्हे को गले लगा रहे हैं। उसके बाद दुल्हन को शगुन के रूप में पैसे भी देते हुए चन्नी दिख रहे हैं। इस दौरान उनके साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं। शगुन के बाद चन्नी वहां मौजूद परिवार वालों के पास से मिठाई भी लेकर खाते हुए देखे जा सकते हैं।चन्नी बठिंडा जिले में कपास की पट्टी के दौरे पर थे।

https://twitter.com/CMOPb/status/1442104312155369473

मिठाई खाते-खाते चन्नी जोड़े से बात भी करने लगते हैं और उनकी शादी के बारे में पूछने लगते हैं। चन्नी के सवाल पर परिवार की एक महिला ने जवाब दिया कि जोड़े की शादी शनिवार को हुई थी। वीडियो में वह हाथ जोड़कर शुभकामनाएं भी देते नजर आ रहे हैं।

सीएम चन्नी, उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ राज्य के मालवा क्षेत्र में पिंक बॉलवॉर्म कीट के कारण हुए नुकसान का आकलन करने के लिए कपास बेल्ट के दौरे पर थे। जहां रास्ते में उन्होंने इस नए-नवेले जोड़े को आशीर्वाद दिया।

इससे पहले मुख्यमंत्री बनने के बाद चन्नी का एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो भांगड़ा करते दिख रहे थे। भांगड़ा वाले वीडियो को पंजाब के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने शेयर किया था। चन्नी के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि सीएम एक कार्यक्रम में जमकर भांगड़ा कर रहे हैं। यह वीडियो कपूरथला में पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम का था। सीएम यहां बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर म्यूजियम का उद्घाटन करने पहुंचे थे।