पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इन दिनों दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। यहां उनके पेट में हुए इंफेक्शन का इलाज चल रहा है। एक वीडियो वायरल होने के बाद उनके बीमार होने का कारण उस गंदे पानी को बताया जा रहा है, जो उन्होंने काली बेईं नदी के दौरे के दौराना पिया था। यह वीडियो आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई ने ट्वीट किया था, जिसमें मुख्यमंत्री एक ग्लास में पानी पीते नजर आ रहे हैं और इस दौरान उनके समर्थक उन्हें चीयर्स कर रहे हैं।
दरअसल, वो रविवार (17 जुलाई, 2022) को लोधी के सुल्तानपुर में काली बेईं नदी की सफाई की 22वीं सालगरिह पर गए थे। इस दौरान, पर्यावरण एक्टिविस्ट बलबीर सींचेवाल ने काली बेईं नदी के पानी से भरा एक ग्लास उनको दिया, जिसे मुख्यमंत्री एक घूंट में पूरा पी गए।
इस नदी में गांवों और कस्बों के सीवेज का पानी आता है, जिसे मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पिया है और इसी वजह से इस बात की अटकलें भी तेज हो गई हैं कि इस पानी के कारण ही उनकी तबीयत इतनी ज्यादा खराब हो गई कि उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।
आप की ओर से पोस्ट की गई इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया है- “सुल्तानपुर लोधी की पवित्र नदी का पानी पीते हुए मुख्यमंत्री। इस धरती पर गुरु नानक साहिब के पांव पड़े थे। राज्य सभा सांसद सीचेवाल जी ने इस पवित्र स्थान की सफाई की जिम्मेदारी ली है।”
इसमें आगे यह भी कहा गया कि पंजाब सरकार ने इस दिन राज्य की सभी नदियों की सफाई के लिए अभियान की शुरुआत की है। हालांकि, मुख्यमंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की बात पर पंजाब मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से कोई पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मंगलवार रात को उनके आवास पर ही मुख्यमंत्री को काफी तेज पेट दर्द उठा था। इसके बाद, उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। उनके अस्पताल जाने की बात को गुप्त रखा गया था क्योंकि उन्हें बिना सिक्योरिटी के ही जल्दबाजी में पंजाब से दिल्ली ले जाया गया।