Punjab Results 2022: पंजाब में विधानसभा की सभी 117 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। राज्य में हुए चुनावों में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी की इस सुनामी ने कांग्रेस-अकाली दल के कई किलों को ध्वस्त कर दिया। अमृतसर पूर्व से नवजोत सिंह सिद्धू हार गए हैं। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव हार गए, अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल भी अपनी सीट नहीं बचा सके। सीएम चन्नी भी दोनों सीटों पर हार गए हैं। इसके अलावा सोनू सूद की बहन मालविका सूद चुनाव हार गई हैं। आप के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान ने धुरी से बड़े अंतर से चुनाव जीता। इस जीत से उत्साहित आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अब देश में क्रांति लाने का समय आ गया है।

राज्य में कांग्रेस के कई बड़े चेहरे हार गए। कांग्रेस से बगावत करके अपनी अलग पार्टी बनाने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह भी अपनी परंपरागत सीट पटियाला से चुनाव हार गए हैं। कैप्टन को आप उम्मीदवार अजीत पाल कोहली ने हराया है। अजीत पाल कोहली पहले अकाली दल में थे।

वहीं आम आदमी पार्टी के सीएम फेस भगवंत मान चुनाव जीत गए हैं। आप की जीत के बाद भगवंत मान ने कहा कि सबसे पहले वो बेरोजगारी दूर करने के लिए काम करेंगे। मान ने कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी को 58,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया है।

विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को मतदान हुआ था। इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में थे। उन्होंने बताया कि राज्य में 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। बीते तीन विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था।

Election Results 2022 से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और अहम जानकारी जानने के लिए यहां क्लिक करें

2017 पंजाब विधानसभा चुनाव में 77.40 प्रतिशत, 2012 में 78.20 प्रतिशत और 2007 में 75.45 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2002 में केवल 65.14 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य में इस बार अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) एक प्रमुख दावेदार के रूप में उभरी है, जबकि कांग्रेस बहुकोणीय मुकाबले में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 नतीजों के हाईलाइट्स

Live Updates

Punjab Election Results 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में इस बार आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलने के आसार हैं। अधिकतर एग्जिट पोल AAP की जीत की भविष्‍यवाणी कर रहे हैं। काउंटिंग डे से पहले ही भगवंत मान चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। इस बार AAP ने उन्‍हें सीएम कैंडिडेट बनाया।

19:35 (IST) 10 Mar 2022
जलालाबाद से जीतने के बाद बोले जगदीप- लोगों का शुक्रगुजार हूं

आप के जगदीप कंबोज ने जलालाबाद से शिअद के सुखबीर सिंह बादल को हराया। आप उम्मीदवार ने कहा, "मैं 25,000 वोटों से जीतने की उम्मीद कर रहा था, लेकिन 30,000 से अधिक मतों से जीता। मैं इस जीत के लिए जलालाबाद के लोगों का शुक्रगुजार हूं। मेरा मुख्य फोकस बिजली, पानी, शिक्षा पर होगा।

18:28 (IST) 10 Mar 2022
नतीजों के बाद भगवंत मान की मां हरपाल कौर ने जताई खुशी

आप के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान की मां हरपाल कौर बोलीं- मैं बहुत ख़ुश हूं। पहले भी मान सही रास्ते पर थे, आज भी सही रास्ते पर हैं।

18:15 (IST) 10 Mar 2022
प्रकाश सिंह बादल को हराने वाले आप के गुरमीत सिंह बोले- युवा नया इंकलाब लेकर आया है

लंबी सीट से शिअद संरक्षक और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को हराने पर आप के गुरमीत सिंह खुदियान ने कहा, यह लोगों की जीत है। युवा नया इंकलाब लेकर आया है। पहले दिन से ही लोग मेरे साथ चले और मेरा साथ दिया।

18:04 (IST) 10 Mar 2022
जीवनजोत कौर ने कहा- यह पंजाब के लोगों की जीत

अमृतसर ईस्ट से जीत दर्ज करने वाली आप उम्मीदवार जीवनजोत कौर ने कहा, यह पंजाब के लोगों की जीत है। 3 दिसंबर के आसपास मेरे टिकट की घोषणा की गई, डोर-टू-डोर अभियान के दौरान सकारात्मक संकेत मिले कि पंजाब ने आइडेंटिटी पॉलिटिक्स पर काबू पा लिया है।

18:02 (IST) 10 Mar 2022
भगवंत मान ने धुरी से 58,206 वोटों से जीत दर्ज की

भगवंत मान ने धुरी से 58,206 वोटों से जीत दर्ज करने के बाद जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त किया।

17:40 (IST) 10 Mar 2022
पंजाब में आप की जीत असाधारण: योगेंद्र यादव

आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और स्वराज इंडिया के संस्थापक योगेंद्र यादव ने कहा है कि पंजाब में आप की जीत असाधारण है।

17:10 (IST) 10 Mar 2022
कांग्रेस की उपस्थिति अभी भी AAP से अधिक: मनोहर लाल खट्टर

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि आज भी कांग्रेस की उपस्थिति अभी भी आप से अधिक है। उन्होंने कहा कि अधिकांश क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस केवल दो राजनीतिक दल मौजूद हैं, लेकिन लोग कांग्रेस की विचारधारा में रुचि खो रहे हैं।

17:08 (IST) 10 Mar 2022
केजरीवाल की गारंटी पर होगा काम- सिसोदिया

पंजाब के चुनाव परिणाम को लेकर आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा है कि पंजाब के लोगों की जो जरूरतें हैं उन्हीं पर काम होगा। आप सरकार, केजरीवाल ने जो गांरटी है उन पर काम किया जाएगा।

16:39 (IST) 10 Mar 2022
आप की 59 पर जीत, 33 पर आगे

आम आदमी पार्टी ने पंजाब की 59 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। साथ ही 33 सीटों पर आगे चल रही है।

16:32 (IST) 10 Mar 2022
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कैप्टन को बताया जिम्मेदार

पंजाब में मिली हार के बाद कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी के जरिए एक नया नेतृत्व प्रस्तुत किया था, जो जमीन से जुड़े हुए थे। लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह के 4.5 साल की सत्ता विरोधी लहर को दूर नहीं किया जा सका और इसलिए लोगों ने बदलाव के लिए आप को वोट दिया।

16:13 (IST) 10 Mar 2022
आप के हरपाल सिंह चीमा जीते

मौजूदा विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने दिर्बा सीट से जीत हासिल की है। आप नेता ने शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार गुलजार सिंह को 50,655 मतों के अंतर से हराया है।

15:58 (IST) 10 Mar 2022
राज्य मंत्री राणा गुरजीत सिंह और उनके बेटे ने जीती सीटें

पंजाब के मंत्री राणा गुरजीत सिंह और उनके बेटे राणा इंदर प्रताप सिंह ने चुनाव जीत लिया है। इन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। इन्होंने कपूरथला और सुल्तानपुर लोधी से जीत हासिल की है।

15:53 (IST) 10 Mar 2022
हम विनम्रतापूर्वक लोगों के फैसले को स्वीकार करते हैं: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि वह विनम्रतापूर्वक लोगों के फैसले को स्वीकार करते हैं और जनादेश हासिल करने वालों को शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए धन्यवाद किया है।

15:37 (IST) 10 Mar 2022
मालविका सूद भी हारीं

सोनू सूद की बहन मालविका सूद भी मोगा सीट से चुनाव हार गईं हैं। कांग्रेस उम्मीदवार मालविका सूद को आप की डॉ अमनदीप कौर अरोड़ा ने 20,000 से अधिक मतों से हराया है।

15:35 (IST) 10 Mar 2022
भगत सिंह, बाबा साहेब के सपने पूरे होंगे : केजरीवाल

आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यालय में एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हर कोई आप के खिलाफ इकट्ठा हुआ, लेकिन हम जीत गए। उन्होंने कहा- "भगत सिंह ने एक बार कहा था कि आजादी मिलने के बाद, अगर हम व्यवस्था नहीं बदलते हैं, तो कुछ भी नहीं होगा। पिछले 75 वर्षों में, इन दलों और राजनेताओं ने अंग्रेजों की व्यवस्था को बनाए रखा है। उन्होंने कोई स्कूल या अस्पताल नहीं बनाया। आप ने पिछले सात साल में व्यवस्था बदली है, हम भगत सिंह और बाबा साहेब के सपने को पूरा करेंगे।

15:24 (IST) 10 Mar 2022
पंजाब जीत से केजरीवाल गदगद

पंजाब में आप को मिली बंपर जीत के बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि है वो एक नया भारत बानएंगें। उन्होंने कहा कि हम ऐसा भारत बनाएंगे जहां किसी भी छात्र को मेडिकल की पढ़ाई के लिए यूक्रेन नहीं जाना पड़ेगा। इन परिणामों से लोगों ने दिखाया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं बल्कि असली 'देश भक्त' है।

15:09 (IST) 10 Mar 2022
भगत सिंह के पैतृक गांव में शपथ लेंगे भगवंत मान

आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में भगत सिंह के पैतृक गांव खटकरकलां में शपथ लेंगे, न कि राजभवन में, जैसा कि प्रथा रही है।

14:49 (IST) 10 Mar 2022
भगवंत मान की जीत

भगवंत मान धूरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीत गए हैं। चुनाव आयोग ने अपनी वेबसाइट पर इसकी पुष्टि कर दी है। मान ने कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी को 58,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया है।

14:48 (IST) 10 Mar 2022
कांग्रेस के सुखपाल सिंह खैरा जीते

कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा जीत गए हैं। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल की जागीर कौर को 9,000 से अधिक मतों से हराया है। खैला भोलाथ सीट से चुनावी मैदान में थे।

14:46 (IST) 10 Mar 2022
प्रकाश सिंह बादल लांबी से 11,000 मतों के अंतर से हारे

शिरोमणि अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल लंबी सीट पर आप के गुरमीत सिंह खुदियां के खिलाफ 11,000 से अधिक मतों के अंतर से चुनाव हार गए।

14:39 (IST) 10 Mar 2022
सीएम चरणजीत सिंह चन्नी दोनों सीट हारे

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी विधानसभा चुनाव में आप उम्मीदवारों से अपनी दोनों सीटों पर हार गए हैं। भदौर सीट पर, चन्नी लाभ सिंह उगोके से 34,000 से अधिक मतों के अंतर से हार गए हैं। चमकौर साहिब में, चन्नी आप उम्मीदवार चरणजीत सिंह से 5,500 से अधिक मतों के अंतर से हार गए।

14:38 (IST) 10 Mar 2022
पहले बेरोजगारी को ठीक करेंगे- भगवंत मान

आप की जीत के बाद आप के सीएम फेस भगवंत मान ने कहा कि सबसे पहले वो बेरोजगारी दूर करने के लिए काम करेंगे।

14:37 (IST) 10 Mar 2022
जलालाबाद : सुखबीर सिंह बादल हारे

पंजाब के जलालाबाद से अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल चुनाव हार गए हैं। इन्हें आम आदमी पार्टी के जगदीप कंबोज ने लगभग 16,000 मतों के अंतर से हराया है।

14:35 (IST) 10 Mar 2022
नवजोत सिंह सिद्धू हारे

पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्व से हार गए हैं। वहीं सीएम चन्नी दोनों सीटों पर पीछे चल रहे हैं।

13:23 (IST) 10 Mar 2022
सीएम चन्नी शुक्रवार को दे सकते हैं इस्तीफा

पंजाब में दोनों सीटों पर हार की ओर बढ़ रहे सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को कैबिनेट की मीटिंग बुलाई है। चन्नी इस मीटिंग के बाद अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

12:45 (IST) 10 Mar 2022
कैप्टन हारे

कांग्रेस के साथ बगावत करके अपनी पार्टी बनाने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव हार गए हैं। कैप्टन बीजेपी के साथ गठबंधन करके चुनावी मैदान में उतरे थे। कैप्टन अपनी गढ़ पटियाला में ही हारे हैं।

11:36 (IST) 10 Mar 2022
सिसोदिया बोले- केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस को मिला मौका

पंजाब में आप की बंपर जीत पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिंह सिसोदिया ने कहा है कि लोगों ने केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस को एक मौका दिया है। अब पूरे देश में ये स्पष्ट हो गया है कि लोग सोचते हैं कि अगर केजरीवाल होंगे तो ईमानदारी से व्यापार, रोज़गार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा मिल सकती है।

11:16 (IST) 10 Mar 2022
पंजाब में अब तक का रुझान

पंजाब की सभी 117 सीटों पर आधिकारिक रुझानों में आप 89 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 12 सीटों पर और बीजेपी 5 सीटों पर आगे चल रही है।

10:54 (IST) 10 Mar 2022
AAP की जीवन ज्योत कौर अमृतसर पूर्व से आगे

AAP की जीवन ज्योत कौर अमृतसर पूर्व से आगे चल रही है। यहां से नवजोत सिंह सिद्धू और बिक्रम सिंह मजीठिया मैदान में है। दोनों धाकड़ नेताओं पर आप उम्मीदवार की बढ़त बनी हुई है।

10:40 (IST) 10 Mar 2022
अकाली दल 10 सीटों पर आगे

पंजाब में अकाली दल 10 सीटों पर आगे चल रही है लेकिन पार्टी के मुखिया सुखबीर सिंह बादल अपने परंपरागत सीट जलालाबाद से पीछे चल रहे हैं।

पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 20 फरवरी को मतदान हुआ था। गुरुवार को मतगणना के लिए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में 77 सीटों पर कब्जा कर सूबे में सरकार बनाई थी। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कैप्टन ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया और अलग पार्टी बनाकर वे भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, मतदान के बाद आए अधिकांश एग्जिट पोल्स पंजाब में आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की तरफ इशारा कर रहे हैं।