पंजाब के अमृतसर जिले के दबुर्जी गांव में शनिवार सुबह एक अमेरिकी नागरिक को उसके घर के अंदर गोली मार दी गई थी। यह घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वहीं घटना के एक दिन बाद पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि पूरी साजिश अमेरिका में रची गई थी। पीड़ित सुखचैन सिंह को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि वह खतरे से बाहर हैं।

पुलिस ने किया खुलासा

गिरफ्तार लोगों में सुखचैन सिंह की पहली पत्नी के पिता भी शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि हमलावरों की पहचान कपूरथला के घरानेडे के गुरिंदर सिंह सुक्खा और जालंधर के गुरकीरत सिंह गुरी के रूप में हुई है। मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में तरनतारन के जगजीत सिंह और चमकौर सिंह शामिल हैं, जिन्होंने घटना से पहले और बाद में हमलावरों की सहायता की। वहीं होटल मालिक जगदंबर अत्री और अभिलाष भास्कर ने हमलावरों को उनकी आईडी की जांच किए बिना रूम दिया।

पुलिस ने कहा कि हमले की योजना सुखचैन सिंह की पहली पत्नी के रिश्तेदारों ने बनाई थी, जो अमेरिका में रहते हैं। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर रंजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह पारिवारिक विवाद का मामला है और सुखचैन सिंह की पहली पत्नी के भाई ने हमलावरों को पैसे ट्रांसफर किए थे।

पंजाब के गांव में बदमाशों ने अमेरिकी नागरिक को मारी गोली, सुखबीर बादल बोले- वर्तमान स्थिति…

घटना तब हुई जब सुखचैन सुबह करीब 7:05 बजे सुबह की सैर के लिए जा रहे थे और मोटरसाइकिल सवार हमलावर उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने सुखचैन को रोक लिया, बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया और जबरन घर के अंदर ले गए। उन्होंने उनसे उनकी मर्सिडीज कार के रजिस्टर्ड दस्तावेजों के बारे में पूछा। जब सुखचैन ने विरोध किया तो उन्होंने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो सुखचैन को लगीं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमलावरों ने और गोलियां चलाने का प्रयास किया, लेकिन उनका हथियार जाम हो गया। पूरी घटना सुखचैन के घर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।” सीसीटीवी वीडियो में सुखचैन के बच्चों सहित उनके परिवार के सदस्य हमलावरों से उन्हें जाने देने की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं।

पुलिस कमिश्नर का बड़ा बयान

पुलिस कमिश्नर रंजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि सुखचैन की पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने होशियारपुर के टांडा में रहने वाले उनकी पहली पत्नी के परिवार के सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने कहा कि सुखचैन की पहली पत्नी की 2022 में आत्महत्या से मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि सुखचैन और उनकी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था लेकिन पुलिस जांच में सुखचैन को निर्दोष पाया गया, लेकिन उसकी मां के खिलाफ अदालत में चार्जशीट पेश की गई थी। हालांकि मामला अभी भी चल रहा है।