पंजाब में आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा को भगवंत मान सरकार की सलाहकार कमेटी का प्रमुख नियुक्त किया है। पार्टी सूत्रों ने जानकारी दी कि मान सरकार ने आप के राज्य प्रभारी राघव चड्ढा को जनहित के मामलों पर बनी सलाहकार समिति का चेयरमैन नियुक्त किया है।
हाल ही में पंजाब सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर सलाहकार समिति के गठन की जानकारी दी गई थी। अधिसूचना के अनुसार, यह अस्थायी समिति किसी भी मुआवजे, पारिश्रमिक या भत्तों की हकदार नहीं होगी। वहीं, इसके गठन के बाद विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधा था। विपक्ष का कहना है कि यह समिति बनाना असंवैधानिक है और इस तरह से सरकार के बाहर की संस्था को सत्ता के मामलों में एंट्री देना गलत है।
कांग्रेस ने की आलोचना: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने सोमवार को भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह समिति चड्ढा को बहुत ज्यादा शक्तियां प्रदान करती है। वडिंग ने ट्वीट कर कहा, “चड्ढा को सलाहकार समिति का अध्यक्ष नियुक्त करना उन्हें पंजाब का मुख्यमंत्री बनाने के समान है। पंजाबियों ने इस बदलाव के लिए वोट नहीं किया। ऐसा लगता है भगवंत मान जी ने पंजाब सरकार को ठेके पर दिया है।”
अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने एक और ट्वीट में लिखा, “मान साहिब आप क्यों एक गैर-संवैधानिक संस्था बना रहे हैं, जिसके हाथ में असली ताकत होगी और कोई जवाबदेही नहीं होगी। क्या यह आम आदमी पार्टी की वास्तविक ताकतों की ओर से एक साजिश है कि पंजाब में सुपर कैबिनेट और सुपर सीएम बनाया जाए? कृपया बताएं कि आप क्यों ऐसी सलाह मांग रहे हैं। कौन इस संस्था का चेयरमैन होगा और किन लोगों को इसकी सदस्यता दी जाएगी?”
SAD ने भगवंत मान को कहा कठपुतली: शिरोमणि अकाली दल ने भी आप सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस कदम ने शो मैनेजर राघव चड्ढा को औपचारिक रूप से मंच पर ला दिया। SAD ने ट्वीट किया, “कठपुतली, कठपुतली और कठपुतली। सर्कस मास्टर ने शो मैनेजर राघव चड्ढा को औपचारिक रूप से मंच पर रखते हुए पर्दा हटा दिया। वास्तव में सीएम चड्ढा का औपचारिक रूप से महानियंत्रक के रूप में पदभार ग्रहण करना पंजाबियों के लिए कोई खबर नहीं है। वे हमेशा से जानते थे कि भगवंत मान के कठपुतली नृत्य में कौन तार खींचता है।”