पंजाब से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पंजाब के फाजिल्का जिले में आम आदमी पार्टी के नेता मनदीप सिंह बराड़ गोली लगने से घायल हो गए हैं। गोली चलाने का आरोप शिरोमणि अकाली दल के नेता पर लगा है। अकाली दल के नेता वरदेव सिंह मान पर गोली चलाने का आरोप लगा है। आम आदमी पार्टी के नेता मनदीप सिंह बराड़ को जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में पहले भर्ती कराया गया और उसके बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए लुधियाना रेफर कर दिया गया।
AAP नेता को लगी गोली
बताया जा रहा है कि पंजाब में पंचायत चुनाव को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी और यह झड़प में बदल गई। इस बीच जलालाबाद के AAP विधायक जगदीश कंबोज ने आरोप लगाया है कि अकाली दल के नेता ने गोली चलाई है। उनके अनुसार ब्लॉक विकास और पंचायत अधिकारी के ऑफिस के बाहर मनदीप सिंह बराड़ और अकाली नेता के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद अकाली नेता ने गोली चला दी।
मामले में आरोपी वरदेव मान पूर्व अकाली दल के सांसद जोरा सिंह मान के बेटे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक स्कूल से जुड़ी हुई फ़ाइल के बारे में पूछताछ करने के लिए वह ब्लॉक विकास ऑफिस आए थे लेकिन यहां पर उन्हें प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद वह दफ्तर के बाहर आए और तनाव बढ़ गया। यहां पर आम आदमी पार्टी के नेता मनदीप सिंह बराड़ भी मौजूद थे, जिनके साथ उनकी बहस शुरू हो गई। अब कहा जा रहा है कि कथित तौर पर मान ने आप नेता पर गोली चला दी।
इस पूरे मामले पर पंजाब आम आदमी पार्टी की ओर से बयान सामने आया है। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा, “हमारे लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। घटना चिंताजनक है। आम आदमी पार्टी शांति, विकास और निष्पक्षता में विश्वास रखती है।”
घटना की मुख्य वजह पंचायत चुनाव को बताया जा रहा है।15 अक्टूबर को पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं। सरपंच के 52 हजार से अधिक पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। 15 अक्टूबर को ही 13 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों के लिए भी चुनाव होंगे।