पुदुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने सुपरस्टार रजनीकांत से मदद मांगी है। यह मदद पुदुचेरी को साफ-सुधरा रखने के लिए मांगी गई है। किरण बेदी ने खुद इस बात को कहा कि वे रजनीकांत को केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी का ब्रांड एंबेसडर बनाना चाहती हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान किरण बेदी ने कहा, ‘हम लोग चाहते हैं कि रजनीकांत यहां के ब्रांड एंबेसडर बन जाएं। जिससे लोगों के रवैये में बदलाव आए। उनके संदेश देने पर पुदुचेरी जरूर बदलने लगेगा।’
किरण बेदी ने 29 मई को पुदुचेरी के उप राज्यपाल का कार्यभार संभाला है। जब से वह उपराज्यपाल बनीं हैं, तब से वह लगातार शनिवार और रविवार को वहां के अलग-अलग इलाकों में जाकर सफाई के काम में हाथ बंटाती हैं। यह सब वह पुदुचेरी को स्वच्छ बनाने के अपने मिशन के लिए करती हैं। वह पुदुचेरी को समृद्ध और कचरा मुक्त बनाना चाहती हैं।
बनाई है स्वच्छ बल सेना: कुछ दिन पहले बेदी ने ‘स्वच्छ बल सेना’ बनाने की भी बात की थी। इस सेना में बच्चों को शामिल करके उन्हें बड़े लोगों पर नजर रखने का काम सौंपा जाना है। ताकि वे लोग गंदगी ना कर सकें। तब बेदी ने कहा था, ‘पुदुचेरी पहला ऐसा केंद्र शासित राज्य होगा जहां ऐसी सेना बनाई जाएगी। बच्चों को पीले कलर की ड्रेस दी जाएंगी और एक सीटी भी। जब भी वे किसी बड़े शख्स को गंदगी फैलाते देखेंगे तब ही सीटी बजा दिया करेंगे।’
किरण बेदी आईपीएस अधिकारी भी रह चुकी चुकी हैं। 2015 में दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी ने अपना सीएम केंडिडेट भी बनाया था।
https://youtu.be/TXTH9ggPIyQ