दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल नजीब जंग की खटपट से कौन वाकिफ नहीं है। ऐसा ही कुछ हाल पुदुचेरी का भी है। यहां की उप राज्यपाल किरण बेदी और मुख्यमंत्री वी नारायणस्वामी के बीच भी सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। दरअसल, ताजा लड़ाई एक व्हॉट्सअप ग्रुप के बनने के बाद शुरू हुई है। यह व्हॉट्सअप ग्रुप किरण बेदी ने बनाया है। इस ग्रुप में उन्होंने कई सरकारी अधिकारियों को तो शामिल किया लेकिन मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट मिनिस्टर्स को दरकिनार कर दिया। यह बात नारायणस्वामी को पंसद नहीं आ रही। इसके बाद नारायणस्वामी ने सभी सरकारी अधिकारियों को चेताया है कि वह सोशल मीडिया पर मिल रहे ऑडर्स की जगह उनकी बात को फॉलो करें।
नाराणयणस्वामी ने इस मुद्दे पर बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली के उलट उनके राज्य में मुख्यमंत्री को ज्यादा शक्ति मिली हुई हैं। किरण बेदी और नारायणस्वामी के बीच यह लड़ाई कोई नई नहीं है। 21 जून को योग दिवस के दिन भी नारायण स्वामी और उनके मंत्री किरण बेदी के कार्यक्रम में नहीं गए थे। इससे पहले किरण बेदी पुदुचेरी में चलाई जा रही सफाई मुहीम के लिए चर्चा में रही थीं। उन्होंने पुदुचेरी को साफ करने के लिए सुपरस्टार रजनीकांत की मदद मांगी थी। बेदी ने ‘स्वच्छ बल सेना’ बनाने की भी बात की थी। इस सेना में बच्चों को शामिल करके उन्हें बड़े लोगों पर नजर रखने का काम सौंपा जाना है। ताकि वे लोग गंदगी ना कर सकें। तब बेदी ने कहा था, ‘पुदुचेरी पहला ऐसा केंद्र शासित राज्य होगा जहां ऐसी सेना बनाई जाएगी। बच्चों को पीले कलर की ड्रेस दी जाएंगी और एक सीटी भी। जब भी वे किसी बड़े शख्स को गंदगी फैलाते देखेंगे तब ही सीटी बजा दिया करेंगे।’
किरण बेदी ने 29 मई को पुदुचेरी के उप राज्यपाल का कार्यभार संभाला है। किरण बेदी आईपीएस अधिकारी भी रह चुकी चुकी हैं। 2015 में दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी ने अपना सीएम केंडिडेट भी बनाया था।
Read Also: किरण बेदी ने मांगी सुपरस्टार रजनीकांत से मदद, जानिए क्या कहा