जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन और हिंसा की अलग-अलग घटनाओं के बाद उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 109 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नुपूर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में प्रयागराज में प्रदर्शन कर रही भीड़ हिंसक हो गई। प्रयागराज के अटाला इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और इस दौरान जिलाधिकारी चोटिल हो गए। यहां पर पुलिसकर्मियों पर देशी बम फेंके गए। अटाला इलाके में पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

पथराव करने वाली भीड़ इसकदर हिंसक हो गई थी कि पुलिसकर्मियों को खुद को बचाना मुश्किल हो रहा था। प्रदर्शनकारियों ने एडीजी की गाड़ी पर भी पथराव किया। पथराव करने वालों में कम उम्र के बच्चे बड़ी संख्या में शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ट्रक को भी आग के हवाले कर दिया।

नुपूर शर्मा द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज में हिंसक प्रदर्शन हुआ। इसके बाद मुरादाबाद, सहारनपुर और फिरोजाबाद में भी प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए 109 लोगों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सहारनपुर में 38, प्रयागराज में 15, हाथरस में 24, मुरादाबाद में सात, फिरोजाबाद में दो और अंबेडकरनगर में 23 गिरफ्तारियां की गईं हैं।

वहीं, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के सार्थक प्रयासों के बावजूद कुछ लोगों द्वारा जानबूझ के शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयास किए गए। इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए शाम 7:30 बजे तक 109 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर, अंबेडकर नगर, फिरोजाबाद, मुरादाबाद और प्रयागराज प्रमुख जिले हैं जहां पुलिस ने कार्रवाई की है। ऐसे सभी व्यक्तियों को चिन्हित कर लिया है जिन्होंने तोड़फोड़ की है। इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने कहा कि जिन भी सरकारी, प्राइवेट संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया है उसकी वसूली भी की जाएगी और गैंगस्टर एक्ट के तहत इनकी संपत्तियों को भी जब्त किया जाएगा। दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने पूरे मामले पर कहा कि प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी हुई है। जिन लोगों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया है उन पर पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की है। इन लोगों पर एफआईआर दर्ज करके गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क है।