राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी गलियारों में काफी हलचल है। इस बीच कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि बीजेपी राष्ट्रपति चुनावों में खरीद-फरोख्त की राजनीति कर रही है और कांग्रेस के विधायकों को खरीदने की कोशिश में है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि पूरे देश में छापेमारी की राजनीति चल रही है और इस बात को नोट कर लें कि जो जीतेगा ये उसके यहां छापा मारेंगे।

उन्होंने बताया कि उनके एक एमएलए को 1 करोड़ रुपए का ऑफर दिया गया कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दो। उन्होंने बताया, “अभी मुझे खबर मिली है कि हमारे एक विधायक को फोन आया और कहा कि तुम्हें एक करोड़ रुपए देंगे। ये अब राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी वोट खरीदने के चक्कर में हैं।”

उन्होंने बीजेपी पर राष्ट्रपति चुनाव में व्यापार करने का आरोप लगाया और कहा कि इस खरीद-फरोख्त की राजनीति से भारतीय जनता पार्टी के चेहरे का पूरा सफाया होता है।

कमलनाथ ने कहा कि छापे की राजनीति, ईडी की राजनीति पूरे देशभर में चल रही है। अब जो जीतेगा उसके यहां छापा मारेंगे। ये आप रिकॉर्ड में नोट करके रख लेना। वहीं, राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें अपने कांग्रेस विधायकों पर पूरा विश्वास है कि वो विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को ही वोट देंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने किया मुर्मू का समर्थन
उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी हाईकमान को नसीहत दी कि कांग्रेस हमेशा शोषित, वंचित और आदिवासियों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का विरोध करना उनके विचार से ठीक नहीं है और पार्टी को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए। हालांकि, उनकी इस नसीहत पर कांग्रेस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।