राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना जारी है। इसमें सबसे पहले सांसदों के मतों को गिना जा रहा है। इन सबके के बीच सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर के बेटे अरुण राजभर ने कहा कि हमने तो खुलकर मतदान किया है। पल्लवी पटेल ने तो क्रॉस वोटिंग की है।
अरुण राजभर से जब सवाल किया गया कि पल्लवी पटेल आपके पिता के साथ ही मतदान करने गईं थीं और जब निकली अस्पष्ट थीं। अंतरआत्मा और महिला होने के नाते कहीं द्रौपदी मुर्मू को तो वोट नहीं कर दिया। इस सवाल के जवाब में अरुण राजभर ने कहा कि कयास जो लगाए जा रहे हैं, उन कयासों में संशय तो बना हुआ है। इसके अलावा कई और लोग भी जो उनके साथ जुड़े हुए हैं, उन लोगों ने भी द्रौपदी मुर्मू के लिए मतदान किया होगा।
अरुण राजभर ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अपने सभी विधायकों को एक साथ ले जाकर के मतदान कराने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हमने घोषणा भी की थी कि एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में मेरी पार्टी के विधायक मतदान करेंगे। अपनी घोषणा के अनुसार हमने खुलकर के मतदान किया। साथ ही जनता के सामने यह संदेश भी दिया कि जिस लड़ाई को ओम प्रकाश राजभर लड़ते हैं, उस लड़ाई को एक कदम आगे बढ़कर के उन्होंने सम्मान देने का प्रयास किया है तो बहुत सारे लोगों की अंतरआत्मा जागी।
उन्होंने कहा कि उसमें बहुत सारे लोगों ने मतदान किया। कुछ लोग खुलकर के सामने आ गए कि हमने मतदान किया। कुछ लोग अभी गुप्त में थे कि कहीं इधर गड़बड़ हो जाएगा तो मामला बिगड़ जाएगा। अरुण राजभर ने कहा कि गुप्त में बहुत बड़ा खेला हुआ है। उन्होंने गुप्त में बहुत लोगों ने खिलाफ में मतदान किया है। परिणाम आने के बाद यह बात स्पष्ट हो जाएगी।
अरुण राजभर ने कहा कि जो लोग एकता बनाने की बात करते थे। उन लोगों की भी आत्मा जाग गई कि हम लोग जिन वर्गों को आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं, जिनके लिए संघर्ष करते हैं, जिसमें खासकर के महिला समाज शामिल है। उन्होंने कहा कि मतदान के अंतिम समय लोगों की भावना बदली है।
जब अरुण राजभर से पूछा गया कि आपकी पार्टी का समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन है। उसमें भी अंतरआत्मा की आवाज पर महिलाओं, आदिवासियों और दलित समाज के जो विधायक हैं उन्होंने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान कर दिया। इस सवाल पर अरुण राजभर ने कहा कि बिल्कुल मतदान किया, क्योंकि जब बात महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय की आती है, तब लोगों ने अंदर जाने के बाद अपने फैसले को बदला ही होगा।
राजभर से जब सवाल किया गया कि जिस दिन राष्ट्रपति चुनाव लेकर मतदान चल रहा था, उस दिन ओम प्रकाश राजभर काफी एक्टिव नजर आ रहे थे, वो पार्टी लाइन से हटकर महिला, आदिवासी और दलित समाज के जो विधायक थे उन सभी से बात कर रहे थे। क्या बात हो रही थी। कहीं खेला तो नहीं हो रहा था। इस सवाल जवाब में उन्होंने कहा कि जो भी खेला हुआ होगा, उसका रिजल्ट सामने होगा।