मुंबई बम ब्लास्ट के दोषी याकूब मेमन की कब्र पर कुछ लोगों के मजार की तरह मार्बल से सजावट और ग्रीन लाइट लगाए जाने पर हंगामा मच गया है। भाजपा का आरोप है कि उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहने के दौरान ऐसा किया गया। पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के विधायक राम कदम ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें जारी की हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “आतंकी याकूब मेमन की कब्र को मजार में तब्दील करने का कुकर्म उद्धव ठाकरे की आंखों के सामने हुआ। क्या यही है ठाकरे का मुंबई से प्यार? हजारों लोगों की बमकांड में जान लेने वाला आतंकी याकूब . इतना #पेंग्विनसेना को क्यों भाता है ?

उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, “पाकिस्तान के इशारे पर 1993 के बॉम्बे बम धमाकों को अंजाम देने वाले आतंकवादी याकूब मेमन की कब्र उद्धव ठाकरे के CM होने पर मजार में बदल गई। क्या यही है मुंबई के लिए उनका प्यार, देशभक्ति? शरद पवार,राहुल गांधी और उन्हें मुंबई की जनता से माफी मांगनी चाहिए।”

सोशल मीडिया में तस्वीरें आने पर पुलिस ने लाइटिंग हटवाईं

भाजपा विधायक राम कदम के सवाल उठाने के बाद मुंबई पुलिस ने कब्र से लाइटिंग हटवा दी। 1993 मुंबई ब्लास्ट के दोषी याकूब मेमन की कब्र मरीन लाइंस स्टेशन के पास बने कब्रिस्तान में है। इसे आम बोलचाल में बड़ा कब्रिस्तान कहा जाता है। जो तस्वीरें भाजपा विधायक राम कदम ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, उनमें साफ दिख रहा है कि कब्र के चारों तरफ मार्बल कोटिंग की गई थी। कब्र के पास बड़ी-बड़ी लाइट लगाई गईं।

हालांकि तस्वीरों को पुराना बताया जा रहा है, लेकिन यह एक बड़ा सवाल है कि ऐसी लाइटिंग और मार्बल कोटिंग करने की इजाजत किसने दी। इस मुद्दे पर कब्रिस्तान के केयरटेकर का कहना है कि मेमन परिवार ने यह जगह ली है। याकूब के बाद उसके रिश्तेदारों को भी यहीं दफनाया गया है।

1993 के मुंबई बम धमाकों का दोषी याकूब मेमन को 2015 में फांसी दे दी गई थी। उसको बड़ा कब्रिस्तान में दफनाया गया था। उसका भाई टाइगर मेमन अब भी फरार है। मुंबई पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक टाइगर मेमन फिलहाल पकिस्तान में दाऊद इब्राहिम के साथ ही रहता है। दाऊद इब्राहिम के कहने पर ही मेमन बंधुओं ने बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद मुंबई को सीरियल धमाकों से दहलाने की साजिश रची थी।