कानपुर देहात जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव में तीन दिन पहले बेरहमी से प्रेमिका की हत्या करने वाले युवक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी इतना शातिर है कि वो पुलिस को चकमा देकर लॉकअप से भाग निकला था, लेकिन पुलिस ने उसे 4 घंटे बाद ही दोबारा पकड़ लिया। सिरफिरे प्रेमी ने पुलिस को बताया कि वह लड़की से बहुत प्रेम करता था। इसलिए उससे दूर नहीं रह सकता है। वह दूर चली गई थी, इसलिए उसको मार डाला। उसने युवती पर पहले फरसे से हमला किया, फिर उसके चहरे और सीने पर कई वार किए। इतने में भी मन नहीं भरा तो उसकी आंखें फोड़ दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
नोएडा की फैक्ट्री में करती थी काम : बारा गांव निवासी मूलचंद प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी बेटी रोशनी का गांव के ही शशिकांत गुप्ता से पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी घर वालों को भी हो गई थी। पिता ने बदनामी के डर से रोशनी को कुछ महीने पहले नोएडा भेज दिया था। वहां वह एक फैक्ट्री में जॉब करने लगी थी। दिवाली पर रोशनी गांव आई थी। दिवाली की रात लगभग 11 बजे शशिकांत ने रोशनी को पंचायत भवन के पास मिलने के लिए बुलाया था।
Hindi News Today, 31 October 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
वापस जाने से मना कर रहा था : रोशनी वहां पहुंची तो शशिकांत ने उसको नोएडा जाने से मना कर दिया, लेकिन वह जाने की जिद पर अड़ी हुई थी। इससे नाराज प्रेमी ने उस पर फरसे से हमला कर दिया। रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई। प्रेमी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बेरहमी का हुआ खुलासा : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सीने, चेहरे और आंखों में गहरे निशान पाए गए। प्रेमी ने बड़ी ही बेरहमी से उसकी हत्या की थी। उसके पास फरसा कहां से आया या फिर हत्या के इरादे से ही रोशनी को मिलने के लिए बुलाया था, पुलिस इसकी जांच कर रही है। अकबरपुर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक बीते सोमवार को बारा गांव में रोशनी नाम की युवती की हत्या हुई थी। प्रेमी ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

