कृत्रिम पैर के सहारे गुरुवार को माउंट विन्सन चोटी पर अरुणिमा सिन्हा ने तिरंगा लहराया। अरुणिमा की इस कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। बता दें कि कृत्रिम पैर के सहारे अरुणिमा अभी तक छह प्रमुख चोटियों पर जीत फतह कर चुकी हैं। जिसके बाद उन्होंने गुरुवार को माउंट विन्सन चोटी पर तिरंगा लहरा कर कामयाबी हासिल की।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी: अरुणिमा ने गुरुवार को ट्वीटर पर अपनी इस जीत के बारे में लिखा। अरुणिमा ने लिखा कि आखिरकार इंतजार खत्म हुआ और आप सभी को ये बताते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है कि मैंने दुनिया की पहली दिव्यांग महिला जो माउंट विन्सन चोटी पर पहुंची है का खिताब हासिल किया है। आप सभी की दुआओं और प्यार के लिए शुक्रिया, जय हिंद। गौरतलब है कि अरुणिमा दुनिया की पहली ऐसी दिव्यांग महिला हैं जिन्होंने अंटार्कटिका के सबसे ऊंचे शिखर माउंट विन्सन को फतह किया है।

पीएम मोदी ने दी जीत की बधाई: अरुणिमा की कामयाबी पर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आपको इस नई कामयाबी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। आप देश का गौरव है, जिन्होंने अपनी मेहनत के दम पर एक नया मुकाम हासिल किया। उज्जवल भविष्य के लिए आपको हार्दिक शुभकामनाएं।

क्या था हादसा: बता दें कि अरुणिमा सिन्हा एक नेशनल लेवल की वॉलीबॉल प्लेयर थीं। लेकिन अप्रैल 2011 में लखनऊ से नई दिल्ली के सफर में कुछ बदमाशों ने उन्हें चलती ट्रेन से धक्का दे दिया था। इस हादसे में उन्होंने अपनी एक टांग गवां दी थी। गौरतलब है कि अरुणिमा सिन्हा की उपलब्धियों पर सरकार उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कर चुकी है।

कामयाबी का सफर: बता दें कि एक कृत्रिम पैर के सहारे अरुणिमा सिन्हा अभी तक एवरेस्ट, किलीमंजारो, एल्ब्रूस, कास्टेन पिरामिड, किजाश्को और माउंट अंककागुआ पर्वत चोटियों पर फतह हासिल कर चुकी हैं।