Three PFI Member Arrested by Assam Police: पिछले महीने केंद्र सरकार ने पीएफआई संगठन को बैन कर दिया था लेकिन इसका असर बिलकुल भी नहीं दिखाई दे रहा है। असम में पुलिस ने शुक्रवार (21 अक्टूबर) की सुबह पीएफआई के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। असम पुलिस ने गुप्त जानकारी के आधार पर असम के कामरूप जिले के नगरबेरा इलाके में छापेमारी की जिसके दौरान उन्होंने प्रतिबंधित पीएफआई संगठन के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया। एसपी हितेश च रे ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि इस दौरान असम पुलिस ने पीएफआई से जुड़े एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है।
वहीं इसके पहले गुरुवार (20 अक्टूबर) को महाराष्ट्र में एटीएस ने पनवेल से पीएफआई के 4 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। महाराष्ट्र ATS को इस बात की खुफिया जानकारी मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन पीएफआई के पनवेल सचिव और दो अन्य सदस्यों के साथ उनकी बैठक होने वाली है। इस जानकारी के बाद महाराष्ट्र एटीएस ने मौके पर पहुंचकर इन चारो को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि पिछले महीने केंद्र सरकार ने पीएफआई को आतंकी गतिविधियों में संलिप्त रहने और टेरर फंडिंग में संलिप्त पाए जाने के आरोप में पांच साल के लिए बैन कर दिया था।
महाराष्ट्र पुलिस ने पिछले महीने 25 PFI कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया
महाराष्ट्र पुलिस ने इससे पहले भी कई जिलों में छापेमारी कर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के 25 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इन गिरफ्तारियों के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बातचीत में बताया था कि पीएफआई पर कार्रवाई उनकी गतिविधियों के मामले में जांच पर आधारित कानूनों और सबूतों के अनुरूप है।
देश के 8 राज्यों से 172 PFI कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए
वहीं पिछले महीने पीएफआई पर बैन के बाद एनआईए और ईडी की कई टीमों ने देशभर में पीएफआई के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी
इस छापेमारी के दौरान देश के 8 राज्यों से पीएफआई के 172 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। देश की राजधानी दिल्ली के शाहीन बाग में NIA की रेड में पीएफ़आई से जुड़े 30 लोगों को हिरासत में लिया गया था।