उत्तर प्रदेश में योगी आदित्य नाथ की सरकार में बीते दिनों सीएम दफ्तर से लेकर स्कूल, बसें, यहां तक की लखनऊ के हज हाउस की दीवारों को भी भगवा रंग से सराबोर कर दिया गया था। लेकिन अब पार्कों और अखिलेश सरकार में बने लखनऊ के साइकिल ट्रैक का भी भगवाकरण शुरू हो गया है। लखनऊ के गोमती नगर में निगम ने साइकिल ट्रैक के किनारे लगे डिवाइडर पर भगवा रंग की पुताई करवा दी गई है। इससे पहले इस पर काले-पीले रंग की पुताई हो रखी थी। यूपी में भगवा रंग की पुताई के लिए निगम की ओर से एजेंसियों को लाखों के टेंडर दिए गए हैं। निगम की ओर से सभी पार्कों को भी भगवा रंग से रंगने का निर्देश दिया गया है।
आपको बता दें कि बीते दिनों हज समिति के दफ्तर की दीवारों को भगवा रंग से रंगवाने पर विभाग के सचिव आरपी सिंह को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया था। दरअसल 5 जनवरी को राज्य हज समिति कार्यालय की बाहरी दीवार भगवा रंग से रंगी पायी गयी थी। इससे पहले यह दीवार सफेद रंग की थी।
Parks and dividers being painted saffron in Lucknow's Gomti Nagar by Municipal Corporation. pic.twitter.com/KfUEXeUjA1
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) January 20, 2018
यूपी सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के लिए 21-22 फरवरी को इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन कर रही है। माना जा रहा है कि इसी वजह से लखनऊ में जगह-जगह भगवाकरण किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक निगम के पास कर्मचारियों की सैलरी देने तक के पैसे नहीं हैं इसके बावजूद लखनऊ के भगवाकरण के लिए लाखों का टेंडर दिया गया है।

