पाकिस्तान अधिकारियों ने बुधवार (30 मार्च) सुबह गुजरात के कच्छ तट पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के नजदीक 55 भारतीय मछुआरों को हिरासत में ले लिया और उनकी 10 नौकाओं को जब्त कर लिया। पोरबंदर स्थित नेशनल फिशवर्क्स फोरम के सचिव मनीष लोधारी ने बताया कि सभी मछुआरे गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के ओखा के रहने वाले हैं जिन्हें पाकिस्तान की समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) ने आईएमबीएल के नजदीक हिरासत में ले लिया।
लोधारी ने बताया, ‘‘तटीय गुजरात में ओखा से 13 नौकाओं में सवार होकर मछुआरे मछली पकड़ने के लिए समुद्र में उतरे थे उसी समय पीएमएसए ने 10 नौकाओं के साथ 55 मछुआरों को हिरासत में ले लिया। तीन नौकाएं बुधवार (30 मार्च) को वापस लौटने में सफल रही और मछुआरों ने हमें इस घटना की जानकारी दी।’’
पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा मछुआरों को हिरासत में लेने की दो महीनों से कम समय में यह तीसरी घटना है। इस महीने की शुरुआत में पीएमएसए ने गुजरात तट से तीन नौकाओं के साथ 18 मछुआरों को हिरासत में लिया था। सात फरवरी को एजेंसी ने 12 मछुआरों को हिरासत में लिया था और दो नौकाओं को जब्त किया था।
पाकिस्तान ने आईएमबीएल के कथित उल्लंघन के कारण कराची जेल में बंद 172 भारतीय मछुआरों को दो जत्थों में रिहा किया था जिसके एक महीने के बाद बुधवार (30 मार्च) को यह घटना सामने आयी है। लोधारी ने बताया कि पाकिस्तान के जेलों में बंद भारतीय मछुआरों की संख्या 450 हो गयी है।