Bihar Vidhan Sabha Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम अब तीसरे मोर्चे की तैयारी कर रही है। AIMIM का आरोप है कि महागठबंधन ने उन्हें जगह नहीं दी, इस वजह से वे अन्य छोटी पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। ओवैसी की पार्टी ने यहां तक कहा है कि वे 32 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे।
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष ने क्या बताया है?
बिहार एआईएमआईएम के अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने एक प्रेस वार्ता में इसका ऐलान किया है। वे कहते हैं, “हमने पूरा प्रयास किया था कि सभी पार्टियां एक साथ आ जाएं, ताकि सेक्युलर वोटों में बिखराव न हो और सांप्रदायिक ताकतों को हराया जा सके, लेकिन हमारा वह प्रयास सफल नहीं हुआ। इसी वजह से अब तीसरा मोर्चा बनाया जाएगा। हम किशनगंज के चार जिलों में चुनाव लड़ने जा रहे हैं। यहां पर कई सारी सीटें हैं – किशनगंज, पूर्णिया, कैथल, अररिया, गया, मोतिहारी, नवादा, जमुई, भागलपुर, सिवान, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, मधुबनी, वैशाली और गोपालगंज।”
एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष ने इस बात पर भी जोर दिया है कि सभी सीटों पर जल्द ही प्रत्याशियों का ऐलान किया जाएगा। जिन सीटों पर पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी, उनकी पूरी लिस्ट कुछ इस प्रकार है:
जिला | सीटें |
किशनगंज | बहादुरगंज, ठाकुरगंज, कोचाधामन, किशनगंज विधानसभा |
पूर्णिया | अमौर, बायसी, क़स्बा विधानसभा |
कटिहार | बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी, बरारी, कदवा विधानसभा |
अररिया | जोकीहाट, अररिया विधानसभा |
गया | शेरघाटी, बेला विधानसभा |
मोतिहारी | ढाका, नरकटिया विधानसभा |
नवादा | नवादा शहर विधानसभा |
जमुई | सिकंदरा विधानसभा |
भागलपुर | भागलपुर, नाथनगर विधानसभा |
सिवान | सिवान विधानसभा |
दरभंगा | जाले, केवटी, दरभंगा ग्रामीण, गौरा बौराम विधानसभा |
समस्तीपुर | कल्याणपुर विधानसभा |
सीतामढ़ी | बाजपट्टी विधानसभा |
मधुबनी | बिस्फी विधानसभा |
वैशाली | महुआ विधानसभा |
गोपालगंज | गोपालगंज विधानसभा |
तेज प्रताप से हाथ मिलाएंगे ओवैसी?
वैसे, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि तीसरे मोर्चे में कौन-कौन सी पार्टियां शामिल होंगी। एबीपी न्यूज के मुताबिक, तेज प्रताप से जरूर एआईएमआईएम की बात हुई है, लेकिन क्या कोई गठबंधन होने जा रहा है, इसे लेकर कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया गया।
जानकारी के लिए बता दें, बिहार में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी, वहीं दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। 14 नवंबर को बिहार चुनाव के नतीजे आएंगे।
ये भी पढ़ें- फिर से नीतीश कुमार के साथ आया यह बड़ा भूमिहार नेता