देश की राजधानी दिल्ली में नशे की हालत में बेतरतीब तरीके से तेज रफ्तार में कार चलाकर लोगों को टक्कर मारने वाले शख्स को पुलिस ने दबोच लिया है। वह अपनी गर्लफ्रेंड की गलती के चलते पकड़ा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस शख्स की वजह से पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में बड़ा बवाल होते-होते बचा। गिरफ्तार आरोपी का नाम शाहरुख बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उस पर करीब दो दर्जन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

दरअसल जगतपुरी इलाके में लोग नमाज पढ़कर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने कुछ गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद खुरंजी गांव की एक गली में घुस गई। यहां भी कई लोग कार की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। लोगों ने दावा किया कि इस घटना में 17 लोग घायल हो गए हालांकि पुलिस का कहना है कि कोई घायल नहीं हुआ।

National Hindi News, 7 June 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें

लोगों ने बसों में की तोड़फोड़ः मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना के बाद जगतपुरी से आनंदविहार जाने वाली सड़क पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान डीटीसी की बसों समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ को भी अंजाम दिया गया। पुलिस ने होंडा सिटी कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से मामला सुलझाने की कोशिश की तो पता चला की आरोपी शाहरुख ने कार मधु विहार से चोरी की थी। बताया जा रहा है कि चोरी की कार होने की वजह से ही वह तेजी से कार चला रहा था। गुरुवार (6 जून) को पुलिस ने कार यमुना बाजार इलाके में एक सब-वे बरामद की।

गर्लफ्रेंड की गलती से पकड़ा गयाः पुलिस सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शाहरुख अपनी गर्लफ्रेंड के साथ था। मंगलवार (4 जून) को दोनों ने यमुना बाजार इलाके से ड्रग्स खरीदी और नशे की हालत में ही दोनों रानी गार्डन इलाके में कार खड़ी करके सो गए। इसके बाद दोनों ने आनंद विहार से होते हुए डासना के पास गंगनहर पहुंचे। वहां नहाने के बाद खाना खाया और फिर दिल्ली की तरफ लौटे। यहां आनंद विहार के पास कार में सीएनजी खत्म हो गई। दोनों ने कार को वहीं खड़ा किया और एक स्कूटी चुराकर उससे यमुना बाजार पहुंच गए। इसी बीच पुलिस को मुखबिरों ने सूचना दी कि शाहरुख के साथ उसकी प्रेमिका याशिका भी है। इसके बाद पुलिस ने याशिका के मोबाइल को ट्रैक किया और उसके सहारे दोनों तक पहुंच गई। शाहरुख ने अपने सभी नंबर बंद कर रखे थे।