भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया। बीजेपी ने वरिष्ठ नेता और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। वहीं विपक्ष की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के नाम की घोषणा की गई है। राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार घोषित होने के बाद द्रौपदी मुर्मू आज ओडिशा के एक शिव मंदिर पर पहुंची और उन्होंने पूजा अर्चना की।
दरअसल एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के रायरंगपुर के शिव मंदिर में पहुंच कर साफ-सफाई कर पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने खुद झाड़ू लगाया और स्वच्छता का संदेश भी दिया। इसके पहले बुधवार सुबह ही केंद्र सरकार ने द्रौपदी मुर्मू को जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दे दी है और अब सीआरपीएफ के जवान उनकी सुरक्षा में तैनात होंगे।
मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू के उम्मीदवारी की घोषणा की। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “पहली बार किसी महिला आदिवासी प्रत्याशी को वरीयता दी गई है। हम आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के उम्मीदवार के रूप में घोषित करते हैं।” 21 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आएंगे और लगभग यह तय माना जा रहा है कि मुर्मू चुनाव जीत जाएंगी।
द्रौपदी मुर्मू ओडिशा से आती हैं जबकि व झारखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मुर्मू के नाम की घोषणा होने पर खुशी जताई है और पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है। वहीं संभावना जताई जा रही है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का ऐलान कर सकते हैं।
द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में घोषित होने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, “श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने अपना जीवन समाज की सेवा और गरीबों, दलितों के साथ-साथ हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। उनके पास समृद्ध प्रशासनिक अनुभव है और उनका कार्यकाल उत्कृष्ट रहा है। मुझे विश्वास है कि वह हमारे देश की एक महान राष्ट्रपति होंगी।”