OP Rajbhar: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में पिछले दिनों बगावत देखने को मिली। पार्टी के बागी नेताओं ने कुछ दिन पहले ही अलग पार्टी के निर्माण का ऐलान किया था। बागी नेता ओम प्रकाश राजभर पर तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं। इस बीच जब पार्टी में हो रहे बिखराव को लेकर ओपी राजभर से सवाल किया गया तो उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोग साजिश का शिकार हो रहे हैं। इस दौरान वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी हमलावर नजर आए और कहा कि 2024 में अखिलेश सड़क पर नजर आएंगे।

ओम प्रकाश राजभर अपनी “सावधान यात्रा” को लेकर वाराणसी के मुनारी मैदान में थे। सुभासपा से धीरे-धीरे अलग हो रहे नेताओं को लेकर राजभर ने कहा कि साजिश के शिकार हैं लोग, पार्टी बनी नहीं, दूसरा वोट मिला नहीं और सब लोग अखिलेश यादव से मिल लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश सबको माल दे रहे हैं और पार्टी चल रही है।

राजभर ने कहा, “अखिलेश ने हमें हराने के लिए गठबंध में मिली सीटों पर डमी कैंडिडेट को उतार दिया। बस्ती मंडल में हम तीन सीटें जीत कर देते, लेकिन सपा का शिकार हो गए। बस्ती की महादेवा सीट पर भी हमें डमी उम्मीदवार दिया जा रहा था।”

उन्होंने आगे कहा कि हम अखिलेश से दो-दो हाथ करने को तैयार हैं। सपा प्रमुख चाहते हैं कि ओम प्रकाश राजभर को जो सीट दी जा रही है वहां से वो जीत कर ना आएं। उन्होंने यह भी कहा कि हम दोस्ती निभाना जानते हैं, लेकिन जब दोस्ती तोड़ते हैं तो दुश्मनी भी मजबूती से निभाते हैं।

बता दें कि सुभासपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर ने कुछ दिन पहले पार्टी प्रमुख ओपी राजभर पर कई आरोप लगाते हुए बगावत शुरू कर दी थी। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी थी और मऊ में बागियों की महापंचायत में नई पार्टी के गठन का ऐलान किया था। नई पार्टी का नाम सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी रखा गया है और महेंद्र राजभर को इसका राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया।