देश में गूगल पे (Google Pay) से ठगने का पहला मामला सामने आया है। यह घटना गाजियाबाद की है, जिसमें ऑनलाइन शॉपिंग करने वाली महिला को रुपए लौटाने का झांसा देकर बैंक खाते से एक लाख रुपए ठग लिए गए। पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह है मामला : गाजियाबाद के मुरादनगर में रहने वाली अनुराधा स्कूल टीचर हैं। उन्होंने फेसबुक पर विज्ञापन देखकर एक वेबसाइट से कुछ कपड़े ऑर्डर किए थे, जो फटे हुए निकले। उसे बदलने के लिए उन्होंने वेबसाइट के कस्टमर केयर नंबर पर फोन मिलाया। टेलीकॉलर ने रुपए ट्रांसफर करने के लिए महिला से बैंक अकाउंट नंबर मांगा गया। कुछ देर बाद महिला को बताया गया कि उनके बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे में उन्हें अपने फोन में गूगल पे ऐप इंस्टॉल करना होगा। ऐप की मदद से उन्हें पैसे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।
National Hindi News, 1 April 2019 LIVE Updates: जानें दिनभर के अपटडेट्स
ऐसे अंजाम दी गई ठगी : टेलीकॉलर की बात सुनकर महिला ने ऐप इंस्टॉल कर लिया। इसके बाद जालसाजों ने उनकी गूगल पे आईडी मांगी और कहा कि कुछ देर में मोबाइल पर एक लिंक आएगा। यह लिंक उन्हें दूसरे नंबर पर भेजना होगा, जिसके बाद रकम मिल जाएगी। पीड़िता ने बताया कि जैसे ही उन्होंने वह लिंक दूसरे नंबर पर भेजा। उसके कुछ देर बाद उनके बैंक खाते से से एक लाख रुपए कट गए। इस मामले में महिला ने एसएसपी के पास शिकायत दर्ज कराई है।
लिंक से मिली बैंक अकाउंट की डिटेल : इस मामले में साइबर एक्सपर्ट का मानना है कि महिला को जो लिंक दिया गया था, उससे जालसाजों ने बैंक अकाउंट की पूरी जानकारी निकाल ली। इसके बाद वे महिला के अकाउंट से पैसे निकालने में कामयाब रहे।