झारखंड के पलामू जिले के करीमुदीन गांव में मंगलवार (12 मार्च) झगड़े में एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरा शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का है जब वह ट्यूशन से अपने घर वापस लौट रही थी। इस दौरान कुछ लोगों ने उसको छेड़ना शुरू कर दिया। अपनी बहन के साथ हुई छेड़छाड़ का बदला लेने के लिए कुछ देर बाद दो भाई आरोपियों के पास पहुंचे। इस बीच दोनों का छेड़छाड़ करने वाले लड़कों के साथ झगड़ा हुआ। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जा रही है।

पलामु एसपी इंद्रजीत महाथा का बयानः पलामु एसपी इंद्रजीत महाथा ने बताया कि घटना हैदरनगर पुलिस स्टेशन के पास हुई। जब एक नाबालिग लड़की मंगलवार (12 मार्च) को सुबह 9.30 बजे ट्यूशन से घर लौट रही थी तभी कुछ लड़कों ने उसका रास्ता रोककर उसे ताना मारा और छेड़ना शुरू कर दिया। घर पहुंचने के बाद लड़की ने घटना के बारें में अपने भाई अब्दुल वकील खान और दानिश खान को बताया। इसके बाद दोनों भाई उनकी बहन के साथ छेड़छाड़ करने वाले लड़कों को सबक सिखाने के इरादे से हैदरपुर स्टेशन के पास पहुंचे। जहां उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में मुख्य आरोपी दीपक और उसके दोस्तों ने अब्दुल वकील खान पर रॉड से हमला किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा भाई दानिश गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे बाद में अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

 

दो आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने बताया कि हत्या में शामिल मुख्य आरोपी दीपक राम और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। हालांकि एसपी इंद्रजीत का कहना है कि ये मामला मॉब लिचिंग का नहीं है, दोनों पार्टियों के बीच आपस में लड़ाई के चलते यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर आईपीसी धारा 302, 34, 325, 326 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही लड़की की असल उम्र का पता लगाने की कोशिश भी की जा रही है ताकि उसके आधार पर अन्य धाराएं जोड़ी जा सके। इस पूरी घटना पर झारखंड के एडीजी एम एल मीणा ने कहा कि एहतियातन हैदरनगर के आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी तरह का कोई सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न न हो।