भाजपा ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार (16 अप्रैल) को उम्‍मीदवारों की सूची जारी की थी। इस तरह राज्‍य में विपक्षी पार्टी अब तक कुल 154 सीटों के लिए प्रत्‍याशियों के नामों की घोषणा कर चुकी है। बीजेपी की दूसरी लिस्‍ट में एक ऐसे नेता को भी टिकट दिया गया है, जिनपर दोस्‍त की पत्‍नी से रेप का गंभीर आरोप लग चुका है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्‍व ने एच. हलप्‍पा को भी टिकट दिया है। उन पर वर्ष 2009 में दोस्‍त की पत्‍नी से दुष्‍कर्म करने का गंभीर आरोप लगा था। हालांकि, बाद में उन्‍हें सभी आरोपों से बरी कर दिया गया था। इसके अलावा दूसरी सूची में बीएस. येद्दियुरप्‍पा की सरकार में मंत्री रहे कृष्‍णैया शेट्टी का नाम भी है। कर्नाटक के पूर्व मंत्री पर भ्रष्‍टाचार का आरोप लगा था, लेकिन बाद वह सभी आरोपों से बरी कर दिए गए थे। भाजपा ने भ्रष्‍टाचार को लेकर विवादों में रहे कट्टा सुब्रमण्‍य नायडू को भी विधानसभा का टिकट दिया है। नायडू पर आरोप लगा था कि उन्‍हें घोटाले की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्‍होंने इसे रोकने के लिए कुछ नहीं किया था। भाजपा की दूसरी सूची में संगीन आरोपों का सामना कर चुके नेताओं को टिकट देने के मसले पर विपक्ष हमलावर हो गई है। कर्नाटक में सत्‍तारूढ़ कांग्रेस ने भ्रष्‍टाचार को लेकर भाजपा की कड़ी आलोचना की है। बता दें कि कर्नाटक में 12 मई को एक ही चरण में विधानसभा के चुनाव होंगे। मतगणना 15 मई को होगी।

भाजपा की दूसरी सूची में खनन घोटाले के आरोपी जी. जनार्दन रेड्डी के भाई जी. सोमशेखर रेड्डी का नाम भी शामिल है। भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि भाजपा का जर्नादन रेड्डी से कुछ भी लेनादेना नहीं है, लेकिन उनके भाई को विधानसभा का टिकट देने से अन्‍य दल भाजपा पर हमलावर हो गई है। भाजपा ने सोमशेखर को बेल्‍लारी सिटी से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। सोमशेखर रेड्डी जनार्दन के बड़े भाई हैं। मालूम हो कि बीएस येद्दियुरप्‍पा की सरकार में खनन घोटाला सामने आया था। इसमें जनार्दन रेड्डी की संलिप्‍तता सामने आई थी। घोटाले के बाद मचे बवाल के बाद येद्दियुरप्‍पा को मुख्‍यमंत्री पद से हटना तक पड़ गया था। विधानसभा चुनाव की तिथि समीप आते ही कांग्रेस, भाजपा और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी. देवेगौड़ा की जेडीएस पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। गौरतलब है कि लोकसभा सदस्‍य असदुद्दीन की पार्टी ने कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव में जेडीएस का साथ देने का फैसला किया है।