मध्य प्रदेश के बड़वानी में हुई भाजपा नेता मनोज ठाकरे की हत्या का खुलासा हो गया है। हत्या का आरोप भाजपा नेता ताराचंद राठौर और उनके बेटे दिग्विजय पर लगा है। वहीं पुलिस का कहना है कि राजनीतिक रंजिश में मनोज की हत्या की गई थी। इस हत्याकांड के बारे में मध्य प्रदेश के गृह मंत्री बाला बच्चन ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी मिली थी कि इसमें भाजपा के ही लोग लिप्त हैं।

क्या बोले बाला बच्चन: मध्य प्रदेश के गृह मंत्री बाला बच्चन ने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि हत्या में खुद भाजपा के लोग शामिल थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है, जिस व्यक्ति ने ‘सुपारी’ दी थी, वो भाजपा कार्यकर्ता है।

एसपी ने किया खुलासा: बड़वानी एसपी ने पीसी कर इस हत्याकांड का खुलासा किया और बताया कि आपसी रंजिश के कारण मनोज ठाकरे की हत्या की गई। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ताराचंज राठौर और उनके बेटे दिग्विजय उर्फ विजय राठौड़ ने हत्या की साजिश रची और फिर अन्य लोगों के साथ मिलकर ठाकरे की हत्या करवा दी। बता दें कि पुलिस ने इस हत्याकांड में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है वहीं तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मॉर्निंग वॉक पर गए थे मनोज ठाकरे: गौरतलब है कि सेंधवा जिले के बलवाड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे की हत्या हो गई है। वो रविवार (20 जनवरी) सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे। उनका शव बलवाड़ी- सेंधवा रोड पर मिली थी।