कांग्रेस से बर्खास्त किए जाने के एक दिन बाद ही पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना ने राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैंने पोल खोली तो राहुल गांधी मुंह दिखाने लायक भी नहीं रहेंगे। बता दें कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की सिफारिश पर जेना और कोरापुट के पूर्व विधायक कृष्ण चंद्र सागरिया को बर्खास्त किया गया है। इसके बाद पार्टी की ओडिशा ईकाई ने जेना और सागरिया को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया।
जेना ने कहा 25 को खोलूंगा पोल : जेना ने कहा, ‘‘राहुल गांधी 25 जनवरी को ओडिशा आएंगे। मैं उसी दिन उनकी पोल खोलूंगा, जिससे वे जनता के बीच मुंह दिखाने के काबिल नहीं रह जाएंगे।’’ हालांकि, उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के बारे में कुछ और टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया।
पटनायक परिवार से मिलीभगत का लगाया आरोप : जेना का आरोप है कि राहुल गांधी ने ओडिशा की सत्ता पटनायक परिवार के पास ही रखने का फैसला किया है। इसी वजह से उन्होंने बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक के साथ महागठबंधन का ऐलान किया है।
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पर भी लगाया आरोप : जेना ने कहा कि मैं पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नहीं रहा। मैं कांग्रेस में सिर्फ इसलिए उपयुक्त नहीं बैठता, क्योंकि मैंने खनिजों को लूटकर ‘पैसा’ नहीं जुटाया। जेना ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक पर भी आरोप लगाए। वहीं, पटनायक का कहना है कि अनुशासनहीन लोगों के लिए कांग्रेस में कोई जगह नहीं है।