दिल्ली एयरपोर्ट से शनिवार को रेप के आरोपी अप्रवासी भारतीय को गिरफ्तार किया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविंद्र सिंह नाम के इस शख्स पर मेट्रिमोनियल साइट पर मिली एक महिला के साथ कथित तौर पर नशीली दवा पिलाकर रेप करने का आरोप लगा है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पकड़ा गया ये युवक मूलतः पंजाब के जालंधर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि दोनों की मुलाकात 2017 में हुई थी। पुलिस लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी।

पहले से शादीशुदा था आरोपीः सीनियर पुलिस अधिकारी विजयंता आर्या के मुताबिक महिला ने 27 मार्च 2018 को एक केस दर्ज किया था जिसमें कहा गया कि वह मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर युवक के संपर्क में आई थी। आरोप के मुताबिक महिला के साथ 12 दिसंबर 2017 को युवक ने महिला को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ रेप किया था। बाद में युवक ने उससे जल्द ही शादी करने का वादा किया था लेकिन इसके बजाए वह दिल्ली छोड़कर भाग गया। बाद में महिला को पता चला कि रविंद्र सिंह की पहले से शादी हो चुकी है और वह ब्रिटेन में रहता है। वहां वो सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है।

 

पुलिस ने जारी किया था लुकआउट सर्कुलरः पुलिस ने यह भी बताया कि जांच के तहत आरोपी के पंजाब स्थित गांव में छापा मारा लेकिन उसने जांच में मदद नहीं की। इसके बाद उसके खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। गुरुवार को उसे दिल्ली में इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान वह ब्रिटेन से जालंधर अपने परिवार से मिलने जा रहा था।